पानीपत के गांव शहर मालपुर में तीन दोस्तों ने मिलकर 16 वर्षीय किशोर की हत्या कर दी। मृतक के पिता ने बताया कि आरोपी बुधवार रात करीब 9 बजे उसके बेटे को घर के बाहर फेंक कर फरार हो गए थे। बेटे को गंभीर हालत में वे अस्पताल ले जाने लगे तो रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पिता ने आरोपियों के खिलाफ बापौली थाना पुलिस को शिकायत दी है, जिस शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव शहर मालपुर निवासी अतर सिंह ने बताया कि उसके बेटे सुमित (16) को उसका दोस्त हिमांशु पुत्र साहब सिंह घर से बुलाकर ले गया था। रात करीब 9 बजे हिमांशु, राजू और साहिल सुमित को घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए। गंभीर हालत देख उन्होंने बेटे से पूछताछ की तो बेटे ने बताया कि उसे दोस्तों ने ठंडे में शराब मिलाकर पिलाई और उसके बाद उसके साथ मारपीट की। वह सुमित को समालखा स्थित सामान्य अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पिता ने आरोप लगाया है कि आरोपी हिमांशु, राजू व साहिल ने धोखे से बेटे को शराब पिलाई और उसके साथ मारपीट की, जिस वजह सुमित की मौत हुई है।
14 साल पुरानी थी रंजिश
अतर सिंह ने बताया कि हिमांशु के परिवार वालों से करीब 14 साल पहले उसका विवाद हुआ था। उस वक्त विवाद बहुत गहराया था। इस विवाद के बाद से उनके संबंध बिल्कुल खत्म बराबर हो गए थे। इसी रंजिश में उसके बेटे की हत्या की गई है। मृतक तीन भाई-बहन में सबसे छोटा था। सबसे बड़ा भाई अमित (21) गोवा में पढ़ाई कर रहा है। 19 वर्षीय बहन नेहा पानीपत में पढ़ाई कर रही है। 16 वर्षीय सुमित खुद 11वीं कक्षा का छात्र था।