हरियाणा के पानीपत में जीटी रोड स्थित सेक्टर 25 कट के पास मलिक पेट्रोल पंप के सामने से चार दोस्तों ने युवक का अपहरण कर लिया। युवक को चारों दोस्तों ने कार में बंधक बना लिया और उसकी पत्नी व उसके छोटे भाई को कॉल कर आरोपियों ने सवा करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। फिरौती न देने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
आरोपी युवक को कार में पानीपत से रोहतक के गांव सामड़ ले गए। वहां पर उसे बंधक बनाए रखा। पानीपत पुलिस ने पीड़ित के मोबाइल की लोकेशन के जरिए पीड़ित का पता लगाया। रोहतक पुलिस के सहयोग से युवक को सामड़ गांव स्थित होटल से बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। सोनीपत के कुंडली कस्बा स्थित टीडीआई निवासी विशाल कुमार पेशे से किसान है। उसका छोटा भाई लगभग तीन साल से अमेरिका में रहता है। विशाल रविवार सुबह अपने निजी काम से अपनी कार में पानीपत आया था।
विशाल की पत्नी नवजोत ने बताया कि विशाल के फोन से उसके पास दोपहर सवा तीन बजे कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद का नाम राहुल बताया। वह खुद को दिल्ली पुलिस का जवान बता रहा था। उसके साथ विष्णु राणा, गौरव , राहुल अंतिल, मोहित भी थे। उन्होंने उसे कहा कि उन्होंने उसके पति विशाल का अपहरण कर लिया है।
वह सभी हथियारों से लैस है। अगर वह विशाल को जिंदा देखना चाहती है तो उन्हें 25 लाख रुपये दे दें। कुछ देर बाद इन्होंने उसके अमेरिका में रहने वाले देवर को कॉल कर एक करोड़ रुपये मांगे। सवा करोड़ रुपये फिरौती न देने पर विशाल को जान से मारने की धमकी दी गई। उसने यह बात अपने रिश्तेदारों को बताई। उन्होंने अपने स्तर पर विशाल की काफी तलाश की लेकिन भेद नहीं लगा।
उन्होंने पानीपत एसपी लोकेंद्र सिंह से संपर्क किया। एसपी लोकेंद्र सिंह ने साइबर सेल के माध्यम से विशाल के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की तो लोकेशन मलिक पेट्रोल के पास की मिली। मामले में कार्रवाई का जिम्मा चांदनी बाग थाना पुलिस को दिया गया। चांदनी बाग थाना पुलिस ने विशाल का मोबाइल ट्रेस पर लगा दिया। रविवार रात को उसके मोबाइल की लोकेशन रोहतक मिली। इस संबंध में रोहतक पुलिस को सूचित किया गया।
मंगलवार को मोबाइल की लोकेशन रोहतक के सामड़ गांव में मिली। मंगलवार शाम को पानीपत व रोहतक पुलिस ने सयुंक्त ऑपरेशन शुरू किया और सामड़ गांव में एक होटल से विशाल को बरामद कर लिया गया। पुलिस ने यहां से विष्णु राणा, गौरव व राहुल को गिरफ्तार भी कर लिया। विशाल को पुलिस अपने साथ चांदनी बाग पुलिस थाना में लेकर आई। पूछताछ के बाद पुलिस ने विशाल को उसके परिजनों को सौंप दिया है।
दोस्तों ने रची साजिश
आरोपी विष्णु राणा निवासी झज्जर गौरव निवासी सोनीपत, राहुल अंतिल व मोहित निवासी जींद यह चारों विशाल के दोस्त हैं। इन चारों को यह पता था कि विशाल का छोटा भाई अमेरिका में रहता है। वह विशाल के पास पैसे भेजता रहता है। इनको विशाल के परिवार के बारे में पूरी जानकारी थी। इसलिए इन्होंने साजिश रची थी। इन्होंने ही विशाल को पानीपत किसी काम के सिलेसिले का झांसा देकर पानीपत बुलाया था। फिर उसका अपहरण कर लिया।
चांदनी बाग पुलिस थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि बुधवार को तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से उनके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जाएगी। कार व हथियार बरामद किए जाएंगे। इनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है।