गांव करहंस में बेची गई भैंस के पैसे न मिलने से परेशान एक महिला ने जहरीला पदार्थ निगल कर अपनी जान दे दी। आरोप है कि दंपति व उसके दो बेटों ने महिला को उसके पैसे नहीं दिए और उसको अपमानित भी किया। महिला ने इससे परेशान होकर जहरीला पदार्थ निगलकर खुदकुशी की है। पुलिस ने मृतका के पति के बयानों पर दंपति व उनके दोनों बेटों पर मुकदमा दर्ज कर दंपति को गिरफ्तार कर लिया है।
जयबीर निवासी गांव करहंस ने बताया कि वह पेशे से पशु व्यापारी है। उसने दो माह पहले गांव के ही जगदीश को पांच भैंस बेची थी। जगदीश ने इसके बदले 50 हजार रुपये नकद देकर बाकी रुपये बाद में देने का वायदा किया था, लेकिन दो माह के बाद भी जगदीश उनके पैसे नहीं दे रहा था। शुक्रवार को वह अपनी पत्नी सरोज के साथ जगदीश के घर पैसे लेने के लिए गया था।
जगदीश उसकी पत्नी बीरो व दो लड़कों ने उनको अपमानित किया और कहा कि कहीं जहर खाकर मर जाएं, लेकिन उनके घर पैसे लेने न आएं। उसकी पत्नी ने इससे आहत होकर घर आकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। उन्होंने उसको एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सरोज की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में भिजवाया। पुलिस ने परिजनों के बयानों पर जगदीश उसकी पत्नी बीरो व उनके दोनों बेटों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने जगदीश व बीरो को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के हवाले कर दिया है।
मृतका के पति के बयानों पर चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पति व पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी दोनो बेटे मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रोहताश, प्रभारी समालखा पुलिस चौकी।