तिलहर। मुरादाबाद में बहनोई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद गुरुवार देर रात पत्नी और बेटी के साथ कार से लखनऊ लौट रहे पीडब्लूडी के ठेकेदार की कार राष्ट्रीय राजमार्ग पर सामने से तेज गति से आ रही डीसीएम से भिड़ गई। हादसे में कांट्रेक्टर और उनके ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने दोनों को तिलहर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के परिवार को सूचना दे दी है। हादसे के बाद डीसीएम का ड्राइवर भाग गया।
लखनऊ के शक्तिनगर ढाल फैजाबाद रोड निवासी पीडब्लूडी ठेकेदार अरविंद अग्रवाल (42) अपनी पत्नी सीमा (35) और छोटी पुत्री प्रियांशी (14) के साथ कार से गुरुवार को मुरादाबाद में अपने बहनोई के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। कार ड्राइवर विजय कुमार निवासी सीतापुर चला रहा था। बहनोई का अंतिम संस्कार होने के बाद अरविंद गुरुवार शाम लगभग छह बजे मुरादाबाद से लखनऊ के लिए चले। यहां हाइवे पर रात लगभग डेढ़ बजे अरविंद की कार जैसे ही तिलहर थाना क्षेत्र के गांव धनेला के पास पहुंची वैसे ही सामने से तेज गति से आ रही डीसीएम से टकरा गई। अरविंद और ड्राइवर विजय की मौके पर ही मौत हो गई। कोतवाल दयाचंद्र शर्मा सूचना पाते ही घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने कार में फंसे शवों को बमुश्किल गाड़ी काटकर बाहर निकाला और पोस्टमार्टम केे लिए भेजा। ठेकेदार की पत्नी और पुत्री को घटना के तत्काल बाद प्राथमिक उपचार के लिए तिलहर अस्पताल लाया गया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गलत साइड पर थी कार
ठेकेदार अरविंद अग्रवाल की कार विपरीत दिशा में कटरा से तिलहर की ओर आ रही थी। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना का मुख्य कारण कार का विपरीत दिशा से आना रहा। यदि कार अपनी दिशा से आ रही होती तो शायद हादसा नहीं होता।
पत्नी, दो पुत्रियां बचीं परिवार में
अरविंद अग्रवाल मूल रूप से इटावा के रहने वाले थे। लंबे अरसे से वह लखनऊ में ही आवास बनाकर रह रहे थे। लखनऊ के पीडब्लूडी विभाग में पंजीकृत ठेकेदार अरविंद अपने पीछे पत्नी सीमा और दो पुत्रियां पलक (20) तथा प्रियांशी (14) को छोड़ गए हैं। बड़ी पुत्री वर्तमान में वनस्थली जयपुर में बीएससी की छात्रा है जबकि छोटी पुत्री प्रियांशी लखनऊ में ही पढ़ रही है।