लड़की को भगाने और लड़की के पिता को जहरीला पदार्थ देकर मारने के मामले में हरियाणा के पानीपत जिले के छाजपुर खुर्द गांव में शुक्रवार को 36 बिरादरियों की पंचायत आयोजित की गई, जिसमें आरोपी युवक और उसके परिवार तथा लड़की के सामाजिक बहिष्कार का निर्णय लिया गया। दावा किया गया कि 36 बिरादरी की पंचायत में यह भी फरमान सुनाया गया कि गांव के किसी व्यक्ति ने यदि इनकी मदद की या संपर्क किया तो उनका भी सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा।
यही नहीं पंचायत में तय किया गया कि भविष्य में भी अगर गांव का कोई लड़का किसी दूसरे समाज में शादी कर या लव मैरिज करके आया तो गांव वाले उसका भी बहिष्कार करेंगे। इस दौरान पंचायत में ग्राम समाज की ओर से समिति का गठन किया गया, जिसमें प्रत्येक बिरादरी के पांच-पांच व्यक्तियों को शामिल किया गया। वहीं पंचायत संपन्न होने के बाद सभी ने आरोपी लड़के के मकान पर ताला जड़ दिया।
छाजपुर खुर्द गांव में पंचायत की सूचना पर मामले की गंभीरता और तनाव को देखते हुए पुलिस भी पहुंची। पंचायत के दौरान गांव में माहौल खराब न हो इसको लेकर थाना सनौली प्रभारी रामनिवास पुलिस बल के साथ पूरे समय नजर बनाए हुए थे। पंचायत के बाद डीएसपी समालखा प्रदीप भी गांव में माहौल का निरीक्षण करने पहुंचे।
सनौली थाना प्रभारी रामनिवास का कहना है कि लड़की के दादा की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पंचायत को लेकर अभी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है और न ही संबंधित फरमान को लेकर कोई शिकायत आई है। गांव में शांति व्यवस्था के मद्देनजर नजर रखी जा रही है।