हरियाणा के पानीपत में जीटी रोड पर पीर बाबा के सामने गांव सिवाह के पास एक कार चालक ने युवक को टक्कर मार दी और फरार हो गया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक 24 घंटे से लापता था। उसका पिता भी ढूंढते-ढूंढते मौके पर पहुंचा तो अपनी ही बेटे का शव पड़ा देख बेसुध हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे किसी तरह संभाला और हादसे की डॉयल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया।
यूपी के आजमगढ़ के गांव सिरसाल निवासी खरपतु पुत्र विश्वनाथ ने बताया कि वह हाल में गांव सिवाह में रहता है। उसका लड़का लालजीत (34) सनौली रोड स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। गत 19 दिसंबर को वह काम खत्म कर दोपहर दो बजे फैक्टरी से घर पर आ गया था। इसके बाद वह खाना खाकर वापस चला गया था।
जब शाम तक वह घर नहीं लौटा, घर वाले परेशान हो गए। खोजबीन शुरू की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सोमवार को वह जीटी रोड की तरफ गया तो एक लग्जरी गैरेज के सामने कुछ लोगों की भीड़ जमा थी। उसने पास जाकर देखा तो उसका बेटा लालजीत मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। उसके सिर, नाक और मुंह में गंभीर चोट लगी हुई थी, उसके मुंह से खून निकल रहा था। मौके पर उसकी मौत हो गई। जैसे ही घर पर यह सूचना पहुंची तो वहां पर चीख-पुकार मच गई।
शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है, पिता के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - इंस्पेक्टर अंकित नांदल, सेक्टर 29 थाना प्रभारी।
सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत
समालखा के गांव चुलकाना के अड्डे पर सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस को दी शिकायत में गांव अटैल निवासी बलराज ने बताया कि बेटा सोमवार की रात बाइक पर समालखा से घर के लिए निकला था। चुलकाना अड्डे के पास बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल होने के कारण बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।