पानीपत। शहर के देवी मंदिर स्थित दिव्य आयुर्वेदिक स्टोर का ताला तोड़कर चोर हजारों की नगदी, रामदेव की आयुर्वेदिक दवाएं एवं आटा चोरी कर ले गए। थाना शहर पुलिस ने सूचना के बाद मौका मुआयना किया और स्टोर संचालक के बयान पर उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
चोरों ने मंगलवार रात को एक बार फिर थाना शहर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को तोड़कर देवी मंदिर के पास स्थित दिव्य आयुर्वेदिक स्टोर में चोरी कर ली। इसकी जानकारी सुबह ताला टूटा मिलने पर लगी। स्टोर संचालक ने पुलिस कंट्रोल रूम में इसकी सूचना दी। जिसके बाद थाना शहर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मौका मुआयना किया और स्टोर संचालक के बयान दर्ज किए। स्टोर संचालक ने बताया कि बीती रात को स्टोर अच्छी तरह से बंद कर गया था। उसको बुधवार सुबह स्टोर का ताला टूटा होने की जानकारी मिली। उसने बताया कि चोर दुकान से 11 हजार रुपये नगद, देसी घी के एक-एक किलोग्राम के डिब्बे, बाबा रामदेव की आयुर्वेदिक दवा, आटा व चावल समेत करीब 60 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए। थाना पुलिस ने बयान दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस कंट्रोल ने पूछा कौन सी चौकी है
स्टोर संचालक का आरोप है कि उसने सुबह ही पुलिस कंट्रोल में फोन कर चोरी होने सूचना दी। उक्त पुलिसकर्मी को चोरी का क्षेत्र बताने के बाद मामले को संज्ञान में नहीं लिया। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने उससे चोरी के स्थान को लगने वाले थाने व चौकी की जानकारी मांगी। उसको इसकी जानकारी नहीं थी।