सीआईए-थ्री ने गन प्वाइंट पर गाड़ी, नकदी और अन्य कीमती सामान लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना को स्काईलार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया। सरगना पर दिल्ली पुलिस ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ है। सरगना लूटी गई कार को बेचने की फिराक में था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश चार दिन के रिमांड पर लिया है। गिरोह के चार आरोपियों को सोनीपत पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अलग-अलग जिलों में वारदात कर गन प्वाइंट पर लूटी गई तीन कारें बरामद की है।
आरोपी ने प्रदेश में दस वारदातों को कबूला है। सीआईए-थ्री टीम प्रभारी सब इंस्पेक्टर छबील सिंह ने शुक्रवार को बताया कि उनकी एक टीम एएसआई हवासिंह के नेतृत्व में सोमवार को स्काईलार्क रोड पर गश्त कर रही थी। तभी सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक स्काईलार्क के पास कार मार्केट में एक कार बेचने की फिराक में है।
सीआईए-थ्री की टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को शक के आधार पर काबू कर पूछताछ की। उसने अपना नाम बहादुरगढ़ जिला झज्जर निवासी सुंदरपाल बताया। तलाशी में उसके पास से .315 बोर का कट्टा बरामद हुआ। मांगने पर वह गाड़ी के कागजात भी नहीं दिखा सका।
पूछताछ में उसने बताया कि उसने साथियों के साथ मिलकर जनवरी 2017 को यह कार गन प्वाइंट पर बादली रोड, बवाना दिल्ली से लूटी थी। वह इसको बेचने के लिए पानीपत आया था। रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने आई-20, एस क्रास और एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है।
चार आरोपियों को पहले ही कर लिया था गिरफ्तार
गिरोह में शामिल आरोपी के साथी श्याम निवासी विजय नगर दिल्ली, पवन निवासी कटेवड़ा दिल्ली, अजय जून निवासी बहादुरगढ़, मनीष निवासी होलंबी दिल्ली को सोनीपत पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। गिरोह के दो सदस्य बागपत, यूपी निवासी कपिल और बिट्टू अभी फरार चल रहे हैं।
पहले टोल पर नौकरी करता था आरोपी
गिरफ्तार आरोपी सुदंरपाल ने बीए द्वितीय वर्ष तक पढ़ाई की है। वह अपराध की दुनिया में कदम रखने से पहले झज्जर स्थित टोल प्लाजा पर नौकरी करता था। वहां एक दिन ऑटो चालक के साथ उसका झगड़ा हो गया। उसने ऑटो चालक की धुनाई कर दी और भाग गया।
इसके बाद उसने सिंधू बोर्डर टोल प्लाजा पर भी नौकरी की। कुछ समय बाद वह नौकरी छोड़ यूपी चला गया। वहां आपराधिक किस्म के लोगों से उसकी पहचान हो गई। सुंदरपाल ने अपना गिरोह तैयार किया और साथियों के साथ मिलकर गन प्वाइंट पर लूट करने लगा।
लूट की दस वारदात कबूलीं
रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी ने विभिन्न जिलों से लूट की दस वारदात कबूली हैं। इनमें पानीपत में एक, दिल्ली में तीन, यूपी में एक, झज्जर में चार और सोनीपत में एक वारदात शामिल हैं। पुलिस गिरोह के दो अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
पानीपत में टोल प्लाजा पर लूटी थी आई-20
आरोपी सुंदरपाल अपने साथियों श्याम निवासी विजय नगर दिल्ली, पवन निवासी कटेवड़ा दिल्ली, अजय जून निवासी बहादुरगढ़, मनीष निवासी होलंबी दिल्ली के साथ 10 अक्तूबर 2015 को डिजायर कार में था। पानीपत टोल प्लाजा के पास आरोपियों ने आई-20 कार को टक्कर मारी।
कार चालक शाहबाद निवासी रजत मनचंदा ने कार रोकी और गाड़ी को देखने के लिए उतरे। तभी सुंदरपाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर गन प्वाइंट पर आई-20 कार और ढाई हजार रुपये लूट लिए थे।
आरोपी पर 15 हजार का इनाम घोषित
कार लूट गिरोह के सरगना सुंदरपाल दिल्ली पुलिस के तीन मुकदमों में पीओ घोषित है। उस पर दिल्ली पुलिस में दर्ज मुकदमों में 15 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
चोरी की गाड़ियों में करते थे शराब तस्करी
गिरोह का सरगना और मास्टरमाइंड सुंदरपाल ने यूपी में एक कमरा किराये पर लिया हुआ था। वारदात करने के बाद वे पुलिस की वीटी होने के बाद भी जल्द से जल्द पहुंच जाते थे। आरोपी गाड़ियों को चोरी करते और लूटते थे। इन गाड़ियों में ये लोग शराब तस्करी करते थे। कहीं फंसने पर आरोपी गाड़ी छोड़कर भाग जाते थे।
इन वारदातों का हुआ खुलासा
16 अक्तूबर 2015 को पानीपत टोल प्लाजा के पास से गन प्वाइंट पर शाहबाद मारकंडा निवासी रजत मनचंदा की आई-20 कार लूटी थी।
जनवरी 2015 में गन प्वाइंट पर एक इक्को स्पोर्ट्स कार बादली रोड, बवाना दिल्ली से लूटी।
वर्ष 2016 में अपने साथी श्याम, अजय जून के साथ मिल कर नरेला दिल्ली सें गन प्वाइंट पर एक ईको स्पोर्ट्स कार लूटी।
वर्ष 2016 में साथियों के साथ टीडीआई मॉल सोनीपत के पास से गन प्वाइंट पर एक स्विफ्ट डिजायर कार लूटी।
वर्ष 2016 में अपने साथी सोमबीर निवासी भापडोदा, हन्नी निवासी उमत नगर दिल्ली और सफीक निवासी बागपत यूपी के साथ मिलकर इंडस्ट्रियल एरिया बवाना दिल्ली से गन प्वाइंट पर एक स्विफ्ट कार लूटी।
वर्ष 2016 में साथी बिट्टू, कपिल निवासी बागपत यूपी के साथ मिलकर गाजियाबाद यूपी से गन प्वाइंट पर एक स्विफ्ट कार लूटी।
वर्ष 2015 में साथियों के साथ मिलकर नशे में दिल्ली से एक कार चोरी की।
वर्ष 2014 में साथियों के साथ मिलकर पारले फैक्टरी बहादुरगढ़ के पास से एक युवक से गन प्वाइंट पर पांच हजार रुपये लूटे।