सेक्टर-11-12 स्थित न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में दो बदमाश रिटायर्ड इनकम टैक्स कर्मी के घर में घुसकर उसको बंधक बनाकर तीन सोने की चैन, कान की बालिया और दस हजार रुपये लूट ले गए।
इस दौरान बदमाशों ने रिटायर्ड इनकम टैक्स महिला कर्मी सिर में रॉड भी मार दी। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देकर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।
महिला की सूचना पर बलजीत नाका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रिटायर्ड इनकम टैक्स कर्मी के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
वारदात बुधवार रात 11 बजे की है। न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाली प्रवीण गुलाटी इनकम टैक्स विभाग से रिटायर्ड है। प्रवीण गुलाटी के मकान का निर्माण चल रहा है।
निमार्णाधीन मकान होने के कारण मकान पर गेट नहीं था। प्रवीण गुलाटी ने बताया कि वह बुधवार रात 11 बजे टीवी देख रही थी और अपने बेटे के घर लौटने का इंतजार कर रही थी।
उसका बेटा डीजे बजाने का काम करता है। बुधवार को लोहड़ी होने के कारण काम अधिक था। इस कारण वह देर तक घर नहीं लौट पाया था। इस वक्त कमरे में अचानक दो युवक घुस आए।
दोनों युवकों ने रॉड से उसके ऊपर हमला कर दिया। हमले के बाद वह खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिर गई। बदमाशों ने पहले उसके गले से सोने की चैन तोड़ी और फिर कान से बाल्लिया निकाली।
चिल्लाने पर उसे जाने से मारने की धमकी भी दी। एक बदमाश उसके पास रॉड लेकर खड़ा हो गया। जबकि दूसरे ने अलमारी से दो सोने की चैन और दस हजार रुपये लूट निकाले।
बदमाश लूट को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। उसने फोन करके इसकी सूचना अपने बेटे और पड़ोसियों को दी। जिसके बाद बलजीत नाका पुलिस चौकी में घटना की सूचना दी गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वारदात स्थल का जायजा लेकर प्रवीण गुलाटी की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में महिला के सिर पर रॉड से हमला कर मकान से तीन सोने की चैन, कान की बालिया और दस हजार रुपये लूट की सूचना मिली है। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रामकुमार,प्रभारी, थाना चांदनी बाग पानीपत।