हरियाणा के पानीपत शहर की गंगाराम कॉलोनी में जय श्रीराम आश्रम के पास अपनी फैक्टरी में हैंडलूम उद्यमी ने अपने गनमैन की रिवाल्वर से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताते हैं कि वह नशे की लत से परेशान था। उद्यमी ने पहले गनमैन को चाय लेने भेजा और फिर उसकी रिवाल्वर से खुद को गोली से उड़ा दिया। उद्यमी की मौके पर ही मौत हो गई।
चाचा ने बताया कि गोली की आवाज सुनते ही वह दौड़ पड़े। जब वह फैक्टरी के अंदर पहुंचे तो अमन खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा हुआ था। उसके सिर में गोली लगी हुई थी। वह उसे आनन-फानन में सामान्य अस्पताल लेकर गए, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उन्होंने पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।
मृतक अमन के पिता विजय चंद्र ने बताया कि वह मूल रूप से यूपी के जिला कन्नौज के गांव बिहारीपुर के रहने वाले हैं। कई साल से पानीपत रह रहे हैं। वह कच्चा कैंप के न्यू दीवान नगर में रहते हैं। अमन अपने चाचा के पास आश्रम में रहता था। उसके तीन बच्चे थे, बड़ा बेटा प्रशांत, दूसरे नंबर पर बेटी नेहा और सबसे छोटा अमन था। प्रशांत को वर्ष 2011 में अज्ञात लोगों ने जहर खिलाकर मार दिया था।
परिजन अमन को बार-बार नशा छोड़ने के लिए कहते थे। वह कोशिश करता, लेकिन नशे के बिना नहीं रह पाता था। इस वजह से वह मानसिक परेशान रहने लगा था। उसका रोहतक पीजीआई से मानसिक इलाज चल रहा था। चाचा चंद्र किशोर ने बताया कि शुक्रवार देर रात अमन ने खुद उसे चंडीगढ़ लेकर जाने और उसका इलाज कराने की बात कही थी। वह उसे शनिवार को चंडीगढ़ लेकर जाने वाल थे कि इससे पहले उसने खुद को मौत के घाट उतार लिया।
अमन ने गनमैन के लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारी है, जिस मामले में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है, परिजनों के बयान पर मामले में 174 की कार्रवाई की गई है। नियमानुसार गनमैन के शस्त्र का लाइसेंस रद्द करने के लिए पत्र लिखा जाएगा। - इंस्पेक्टर कमलजीत सिंह, पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी