मां बेटा गए थे वृंदावन, पीछे से चोर समेट ले गए सामान
पानीपत। पूरेवाल कॉलोनी स्थित एक मकान के ताले तोड़कर चोर दस हजार की नकदी और गहने समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। परिवार रात को वृंदावन गया हुआ था। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उषा रानी निवासी पूरेवाल कॉलोनी ने बताया कि उनका मकान कॉलोनी में पंचमुखी मंदिर के नजदीक है। वह अपने लड़के विक्की के साथ वृंदावन गई हुई थी। वे घर वापस आए तो उनके मकान के अंदर कमरे का ताला टूटा हुआ था। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा हुआ था। उनको मकान से चांदी का एक सैट, चार जोड़ी पायल, चुटकी, दस हजार रुपये नकद व एक पुराना फोन चोरी मिला। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने सूचना के आधार पर मौका मुआयना किया और चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया।