शिक्षक पर बच्चों से मारपीट का आरोप, अभिभावकों ने की शिकायत
सनौली। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जलालपुर में दसवीं कक्षा के तीन बच्चों के साथ स्कूल इंचार्ज द्वारा डंडों से मारपीट करने पर अभिभावकों ने घायल छात्र का मेडिकल कराकर जिला शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और थाना पुलिस को शिकायत दी है।
मिली जानकारी के अनुसार स्कूल में दसवीं कक्षा के चार-पांच बच्चों ने एक युवक के साथ झगड़ा किया था। इस बात पर दसवीं कक्षा के कुछ बच्चें आपस में झगड़ा कर रहे थे। स्कूल इंचार्ज सतपाल ने बच्चों को कड़ी फटकार लगाते उनको डांट दिया। अभिभावकों ने स्कूल इंचार्ज सतपाल पर डंडे से छात्र विनित व दो अन्य छात्रों की पिटाई करने का आरोप लगाया। डीईओ, बीईओ व थाना प्रभारी ने उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया हैं। इस बारे में बीईओ रमेश कुमार का कहना है कि स्कूल में अध्यापकों पर बच्चों के साथ मारपीट करने की शिकायत अभिभावकों की और से दी गई हैं। इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी। सनौली थाना पुलिस का कहना है कि स्कूल इंचार्ज पर छात्रों के साथ मारपीट करने की शिकायत आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। वही स्कूल इंचार्ज सतपाल का कहना है कि दसवीं कक्षा में स्कूल के कई छात्र एक छात्र के साथ झगड़ा कर रहे थे। उनके भविष्य को देखते हुए बच्चों को समझाया गया है। स्कूल से किसी बच्चे का नाम नहीं काटा गया है।