ठगों ने खाता हैक कर उड़ाए 14.50 लाख रुपये
पानीपत। विदेश में स्थित एक फर्म ने हैकर्स के माध्यम से असंध रोड भाटिया कॉलोनी निवासी एक व्यापारी के बैंक अकाउंट से करीब 14.50 लाख रुपये उड़ा लिए। व्यापारी ने मामले की शिकायत थाना चांदनी बाग पुलिस से की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर फर्म संचालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
असंध रोड भाटिया कॉलोनी निवासी इंद्रसिंह सैनी ने थाना चांदनी बाग पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह विदेश में स्थित एक फर्म के साथ कई सालों से व्यापार करता है। आरोपियों ने अगस्त 2016 में उससे आखिरी बार शिपमेंट मंगवाकर बिल से संबंधित असल दस्तावेजों की मांग की। इंद्रसिंह सैनी का आरोप है कि फर्म संचालकों ने हैकर्स से मिलकर उसके बैंक अकाउंट से करीब 14 लाख 50 हजार रुपये किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर लिए। बैंक अकाउंट से लाखों रुपये ट्रांसफर होने की सूचना थाना चांदनी बाग पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर फर्म संचालकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। थाना चांदनी बाग प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि व्यापारी की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।