युवक ने दुकान में फांसी लगा दी जान
पानीपत। गंगाराम कॉलोनी निवासी एक युवक ने फोटो स्टूडियो में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची थाना मॉडल टाउन पुलिस ने दुकान का शटर तोड़कर शव को बाहर निकाला। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
मूलरूप से गांव राजड़, शामली, यूपी निवासी अजय (20) गंगाराम कॉलोनी में रहता था। वह कॉलोनी में ही हेयर सैलून का काम सीखता था। परिजनों ने बताया कि अजय के ताऊ के लड़के का कॉलोनी में फोटो स्टूडियो है। वह दो दिनों से किसी काम से यूपी गया है। अजय वीरवार की रात को स्टूडियो में सोने के लिए चला गया। शुक्रवार सुबह स्टूडियो नहीं खुला। देर रात पता लगा कि अजय स्टूडियो में सोने गया था, उसके बाद से घर नहीं आया। परिजन स्टूडियो पर पहुंचे लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। मामले की सूचना थाना मॉडल टाउन पुलिस को दी। पुलिस ने शटर तोड़ा तो उसका शव पंखे से लटका था। पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। युवक के फांसी लगाने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई की है।