खड़े कैंटर में घुसी कार, एसबीआई के ऑफिसर की मौत, असिस्टेंट मैनेजर समेत दो गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। जीटी रोड एलिवेटिड हाईवे पर यमुना एनक्लेव के पास खड़े कैंटर में कार घुस गई। हादसे में चंडीगढ़ निवासी और अंबाल कैंट स्थित एसबीआई में पीओ पद पर तैनात युवक की मौत हो गई, जबकि बैंक के असिस्टेंट मैनेेजर समेत दो गंभीर रूप से घायल हो गए। कार सवार तीनों दोस्त थे और अल सुबह गुड़गांव से चंडीगढ़ जा रहे थे। दोनों घायलों की हालात चिंताजनक है। उन्हें शहर के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। सेक्टर-छह चौकी पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्जकर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जीटी रोड एलिवेटिड हाईवे पर यमुना एनक्लेव के सामने शनिवार अल सुबह एक कैंटर खड़ा था। इसी दौरान चंडीगढ़ नंबर की एक पोलो कार कैंटर में घुस गई। कार को सेक्टर-46 चंडीगढ़ निवासी हिमांशु नेगी (27) चला रहे थे। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंडीगढ़ निवासी उसके दो दोस्त अभिलाष और चंद्रशेखर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची हाईवे और सेक्टर-छह चौकी पुलिस ने दोनों घायलों को कार से निकालकर सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। यहां दोनों को प्राथमिक उपचार देने के बाद रेफर कर दिया गया। दोनों को देवीमूर्ति कॉलोनी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने हिमांशु नेगी के शव को शवगृह में रखवाकर परिजनों को सूचना दी।
गुड़गांव से जा रहे थे चंडीगढ़
परिजनों ने बताया कि हिमांशु नेगी अंबाला कैंट स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में प्रोवीजनल ऑफिसर थे। उन्होंने कुछ दिनों पहले ही बैंक में ज्वाइन किया था। उनका एक दोस्त चंद्रशेखर अंबाला कैंट स्थित उसी शाखा में असिस्टेंट मैनेजर है, जबकि दूसरा दोस्त गुड़गांव की एक कंपनी में नौकरी करता है। वे तीनों रात को ही गुड़गांव से चंडीगढ़ के लिए कार से चले थे।
अस्पताल संचालक ने घायलों को संभाला
बताया जा रहा है कि सिविल अस्पताल से रेफर करते ही कुछ लोग दोनों घायलों को एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंच गए। इसके बाद ये लो चले गए। अस्पताल संचालक डॉ. निखिल नागपाल ने दोनों घायलों का तत्काल इलाज शुरू किया। उनके परिजन बाद में अस्पताल पहुंचे।
टोल कंपनी की होती है जिम्मेदारी
जीटी रोड स्थित एलिवेटिड हाईवे पर खराब या लापरवाही से खड़े वाहनों को हटाने की जिम्मेदारी टोल कंपनी की है, लेकिन टोल कंपनी ने शनिवार सुबह खड़े कैंटर पर ध्यान नहीं दिया। इस वजह से हादसा हो गया।
एलिवेटिड हाईवे पर शनिवार अल सुबह खड़े कैंटर में कार घुस गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
सुरेंद्र सिंह, प्रभारी, सेक्टर-छह चौकी पुलिस पानीपत।