शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी, एक मजदूर ने दूसरे मजदूर की चाकू से गर्दन काटी, मौत
पानीपत। सनौली रोड पर बिल्डिंग में बनें क्वाटरों में दो पड़ोसी मजदूर बुधवार की रात शराब पी रहे थे। शराब पीने के दौरान दोनों के बीच आपसी कहासुनी होने पर एक मजदूर ने चाकू से दूसरे मजदूर की गर्दन रेत दी। खून से लथ-पथ हालत में युवक को जमीन पर पड़ा देख, अन्य स्थानीय मजूदर उसको उठा कर सनौली रोड निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी मजदूर को मौके पर ही काबू कर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही किला थाना पुलिस मौके पर पहुंची व आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके बाद शव को सामान्य अस्पताल ले गए। जहां शव का पंचनामा भर कर उसे बुधवार की रात को शव गृह में रखवा दिया। वीरवार को परिजनों व मकान मालिक के बयान पर पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं आरोपी से पुलिस पूछताछ जारी है।
सेक्टर 11-12 एनएचबीसी कॉलोनी निवासी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उसकी सनौली रोड राजकॉलोनी में आनंद टिंबर स्टोर नामक दुकान है। दुकान के उपर बिल्डिंग में बैंक व उससे उपर के फ्लोर पर 10 क्वाटर बनाएं हुए है। इन्हीं में एक कमरा विनोद पुत्र राम मगन निवासी बक्सी का पूरा मजरा पभोसा, जिला कौशंबी उत्तर प्रदेश को दिया हुआ है। जोकि पिछले 3 माह से कमरा नंबर 6 में रह रहा था। इन्हीं क्वाटरों में एक क्वाटर नंबर चार में गुलाब पुत्र महोम्मद निजाम निवासी गांव सिधीया जिला समस्तीपुर बिहार रहता था। मकान मालिक सुरेंद्र ने बताया कि बुधवार को दीपावली के उपलक्ष्य में वो अपने घर से इस बिल्डिंग में दीया जलाने आया था। यहां पहुंचने पर उसने देखा कि विनोद गुलाब के कमरे में बैठा था। दोनों शराब पी रहे थे। साथ ही दोनों के बीच झगड़ा हो रहा था। दोनों के बीच कहासुनी व झगड़ा इस कद्र बढ़ गया कि गुलाब ने पास में रखे चाकू को उठाकर विनोद की गर्दन रेत दी। जिससे विनोद खून से लथ-पथ हालत में जमीन पर बेहोश हो कर गिर गया। इसके बाद आरोपी ने मौके से भागने का प्रयास किया, तो वहां के स्थानीय किराएदारों ने उसे मौके पर पकड़ लिया। इसके बाद घायल को सामान्य अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक 20 साल से पानीपत की फैक्टरी में काम करता था। वो 4 बच्चों का पिता था। जिसमें 2 लड़की व 2 लड़के है।
पूछताछ कर रहे हैं आरोपी से: दहिया
वारदात का कारण दोनों के बीच आपसी कहासुनी है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है। बिल्डिंग मालिक के बयान पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
- सुरेंद्र दहिया, जांच अधिकारी, किला थाना पुलिस प्रभारी, पानीपत।