पानीपत। लघु सचिवालय स्थित सीएम विंडो की लाइन में खड़े वीटा बूथ संचालक ने अपना नंबर जल्दी लगाने के लिए लाइन को तोड़ने का प्रयास किया। जिस पर वहां ड्यूटी दे रहे सिपाही ने उसे रोका तो वो तैश में आ गया। उसने सिपाही के साथ गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। जिसका विरोध करने पर वह मारपीट पर उतारू हो गया। जिस दौरान आरोपी ने सिपाही की वर्दी फाड़ दी। आरोपी वहां से फरार हो गया। पीड़ित सिपाही के बयान पर थाना शहर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
सिपाही प्रवीन ने थाना शहर में शिकायत दी। जिसमें बताया कि 29 अप्रैल को वह सरल केंद्र पर ड्यूटी कर रहे थे। वहां कोर्ट परिसर के बाहर बने वीटा बूथ का संचालक यशपाल मलिक टोकन लेकर वहां आ गया। वह लाइन में सबसे पीछे लगा था। भीड़ अधिक थी। आगे लगने को लेकर वह लोगों के साथ धक्कामुक्की करने लगा। लोगों ने विरोध किया तो गाली-गलौज करने लगा। उन्होंने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह हाथापाई करने लगा। आसपास मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने बीच-बचाव कराया। मौैके पर डीएसपी सतीश वत्स पहुंच गए। उनके सामने भी आरोपी ने अभद्रता की व धमकी दी। किसी तरह पुलिस कर्मियों ने उसे रोका। एसआई राजकुमार का कहना है कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।