थाना पुलिस ने कवी रोड पर तीन दिन पहले रात के समय बाइक, नकदी व मोबाइल लूट की वारदात का खुलासा करते हुए चार बदमाशों को काबूू किया है। इनमें से दो बदमाश लूट की मोटरसाइकिल का ले जाते समय सड़क हादसे में घायल हो गए थे। पुलिस ने इनमें से एक को पीजीआई से उपचार के दौरान ही दबोच लिया था और बाकी तीन को इसकी निशानदेही पर काबू किया। पुलिस चारों को वीरवार को कोर्ट में पेश करेगी।
जानकारी के अनुसार तीन दिन पूर्व भूसलाना निवासी सोनू रात को करीब नौ बजे मतलौडा से बाइक पर अपने गांव जा रहा था। कवी रोड पर चार अज्ञात बदमाशों ने शराब के नशे में धुत होकर सोनू की बाइक जबरदस्ती रुकवा ली और उसके साथ बुरी तरह से मारपीट कर उसकी बाइक, मोबाइल व तीन हजार रुपये लूट ले गए थे। बदमाशों ने सोनू को सड़क किनारे गड्ढों में फेंक दिया था। बताया जा रहा है कि आरोपी लोकल रास्ते से अपनी रिश्तेदारी में छतेहरा गांव में पहुंचे और रातभर रहने के बाद तीन आरोपी अपने गांव नैन आ गए और आरोपी बिल्लू व एक अन्य लूट की गई मोटरसाइकिल पर दिल्ली जाने लगा। वे सोनीपत के रास्ते में एक पेट्रोल पंप के पास पत्थर से बाइक फिसलकर गिरने से घायल हो गए। उनको पीजीआई में दाखिल कराया। राहगीरों ने पेट्रोल पंप पर दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल की आरसी के आधार पर परिजनों को सूचना दी। सोनू के परिजनों ने पुलिस को इसी सूचना दी। जिसके बाद पूरे मामले से पर्दा उठता चला गया।
पीजीआई में बदला अपना नाम
उधर दोनों घायल आरोपी इतने चालबाज निकले की पीजीआई खानपुर कलां में अपना नाम और पता बदल कर दाखिल हो गए, ताकि पुलिस व अन्य उनकी पहचान न कर सके। पुलिस पीजीआई में खाक छानती फिर रही, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग रहा था। पुलिस छानबीन करती हुई पहुंची तो एक आरोपी बैड से उठकर फरार हो गया। जबकि पुलिस ने दूसरे को दबोच लिया। पुलिस ने एक आरोपी की निशानदेही पर बाकी दो को भी गिरफ्तार कर लिया और तीनों से लूटी गई मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शमशेर, रमेश व प्रदीप निवासी गांव नैन और बिल्लू निवासी गोहाना के रूप में की। बिल्लू गांव नैन में अपनी रिश्तेदारी में आया हुआ था। थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि कवी रोड पर लूट के चार आरोपियों को काबू कर लिया है। पुलिस चारों को वीरवार को कोर्ट में पेश करेगी।