कोरोना महामारी में लोगों लगातार संक्रमण से मर रहे हैं, लेकिन इस घड़ी में लोग अपने हौसले से कोरोना को लगातार मात भी दे रहे हैं। मंगलवार को रिकॉर्ड 939 लोगों ने कोरोना को मात दे दी। जबकि 478 नए कोरोना के रोगी मिले हैं। इन सबको होम आइसोलेट कर दिया गया है। चिंता का विषय ये है कि जिले में कोरोना से मौत जारी हैं, मंगलवार को कोरोना से छह लोगों की मौत हो गई। जबकि जन सेवा दल मंगलवार को 11 शवों का कोविड गाइडलाइन के अनुसार अंतिम संस्कार किया। सभी का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था और ये कोरोना के लक्षण से ग्रस्त थे। एक शव को धार्मिक रीति रिवाज के अनुसार दफनाया गया है। जन सेवा दल पिछले एक माह में 180 से अधिक शवों का कोविड गाइडलाइन के अनुसार अंतिम संस्कार कर चुका है। अब जिले में सैंपल की संख्या में 30 प्रतिशत लोग कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं।
मेडिकल के छात्र करेंगे आइसोलेटेड मरीजों की देखभाल
अब मेडिकल कॉलेज के क्षेत्र घरों में आइसोलेटेड कोरोना के रोगियों की देखभाल करेंगे। उनको दवाएं देंगे और कोरोना के खिलाफ जागरूक भी करेंगे। पानीपत के एनसी मेडिकल कॉलेज से ऐसे विद्यार्थियों को स्वास्थ्य विभाग में काम करने का मौका दिया जा रहा है। फिलहाल अधिकारी ऐसे छात्रों की सूची तैयार कर रहें हैं और उनकी ड्यूटियां लगाने का काम कर रहे हैं। इस पहल से घरों में आइसोलेट मरीजों को बेहतर सेवाएं मिलेगी। अगर किसी मरीज को ऑक्सीजन की जरूरत है तो ये अधिकारियों को इस बारे में अवगत कराएंगे और गंभीर मरीजों को अस्पतालों में भी लेकर जाएंगे। फिलहाल 4200 कोरोना के रोगी घरों में आइसोलेट हैं।
मंगलवार को लगवाई 4725 लोगों ने वैक्सीन
जिले में मंगलवार को 4 हजार से ज्यादा लोगों ने वैक्सीन लगवाई। मंगलवार को कुल 4 हजार 725 को डोज लगी है। पानीपत में 26053 लोगों को दोनों डोज लग चुकी है यानी इनका सुरक्षा चक्र पूरा हो गया है। वहीं 1 लाख 39 हजार लोगों को पहली डोज लग गई है। जिले के वैक्सीन के नोडल अधिकारी डॉ. मनीष पासी ने बताया कि पानीपत में रोजाना शाम 6 से लेकर 8 बजे के बीच में सेंटर के नाम डाल दिए जाते हैं। ताकि लोग एक तय समय पर अपने नजदीकी सेंटर का समय लें। वैक्सीन के प्रति लोगों को उत्साह ज्यादा हैं। अब सेंटर के नाम तय करने के लिए समय निर्धारित कर दिया है। सरकार की ओर से वैक्सीन की सप्लाई कम आ रही है। इस कारण जो गांवों में सेंटर लग रहे हैं, उन गांवों में बाहर के लोगों को वैक्सीन लगने का विरोध ग्रामीण कर रहे हैं। मंगलवार रात को करीब 5 हजार और वैक्सीन आई हैं। अब तक 1.39 लाख लोगों को पहली और 26053 लोगों को दूसरी डोज भी लग चुकी है।
इनकी हुई कोरोना से मौत
- बिहोली गांव निवासी 70 वर्षीय बलवान सिंह
- बिशन स्वरूप कॉलोनी निवासी 46 वर्षीय नरेंद्र
- हिमालय कॉलोनी निवासी 49 वर्षीय आदेश मितल
- पट्टीकल्याणा गांव निवासी 74 साल वर्षीय देवी सिंह
- पठान मोहल्ला निवासी 53 वर्षीय रीना
- पटेल नगर निवासी 75 वर्षीय सीता
कोरोना मीटर
- रिकॉर्ड 939 लोग कोरोना से ठीक हुए
- 478 नए केस मिले
- 6 लोगों की मौत हुई
- 6128 केस जिले में एक्टिव हैं
- 267326 लोगों की जांच हो चुकी है
- कुल 338 लोगों की मौत हुई
अपना और अपनों का ख्याल रखें, जागरूकता जरूरी: डॉ. कादियान
कोरोना संक्रमण गंभीर है, इसको संयम व जागरूकता से मात दें। भयभीत हों न दूसरों को करें। लक्षण मिलने पर जांच कराएं। लॉकडाउन के नियमों का पालन जरूर करें।
- डॉ. जितेंद्र कादियान, सिविल सर्जन