कोरोना से मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। मई में स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक 88 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। औसतन रोजाना आठ से दस मरीज कोरोना का शिकार हो रहे हैं। रविवार रात और सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कोरोना से 10 लोगों की मौत हो गई। इनका कोविड गाइडलाइन के अनुसार शिवपुरी श्मशान में अंतिम संस्कार किया गया। इसके अलावा जन सेवा दल ने सोमवार को 6 अन्य शवों का भी कोविड गाइडलाइन के तहत ही दाह संस्कार किया।
जिले में सोमवार को रिकॉर्ड 734 संक्रमण के केस आए हैं, ये अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इन सबको स्वास्थ्य विभाग ने आइसोलेट कर दिया है। राहत भरी बात ये है कि सोमवार को 500 लोगों ने कोरोना को हराया भी। अब जिले में कोरोना के रोगियों की संख्या 26552 पहुंच चुकी है।
6699 लोगों को वैक्सीन लगी
रविवार व सोमवार को 6699 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। सोमवार को 32 केंद्रों सेंटरों पर वैक्सीन शिविर लगाए गए। इसमें 18 से 44 उम्र वर्ग के 2061 लोगों को, 45 से ज्यादा उम्र वर्ग के 2805 लोगों ने पहली डोज लगवाई। वहीं 1803 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई। अब तक जिले में 1.36 लाख लोगों को कोरोना वैक्सीन लग चुकी है। अब तक 24 हजार का दोनों डोज का कोर्स पूरा हो चुका है।
कोविन पोर्टल में किया बदलाव
वैक्सीनेशन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. मनीष पासी ने बताया कि कोविन पोर्टल में गड़बड़ियों की शिकायत के बाद बदलाव किया गया है। दरअसल, जिन लोगों ने वैक्सीनेशन के लिए अप्वाइंटमेंट लिया था, लेकिन किसी कारणवश वे वैक्सीन लगवाने नहीं जा पाए, उन्हें भी वैक्सीन लगने का मैसेज मिलने लगा था। इसकी शिकायत के बाद स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने पोर्टल में बदलाव किया है। अब लोगों को अपना ओटीपी वैक्सीन लगवाते समय दिखाना होगा। मोबाइल में आए ओटीपी से टीकाकरण वेरिफाई होगा। इसके बाद वैक्सीन के लिए रजिस्टर करें।
कोरोना मीटर
- 500 लोग कोरोना से ठीक हुए
- 737 नए केस मिले
- 1429 लोगों ने अपनी जांच कराई
- 264146 लोगों की अब तक जिले में हो चुकी जांच
- 237596 लोगों की निगेटिव रिपोर्ट आ चुकी है
- 26552 केस आ चुके हैं पॉजिटिव
- 332 लोगों की अब तक कोरोना से हो चुकी मौत
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इनकी हुई मौत
- सुखदेव नगर की 63 वर्षीय सुभद्रा की कोरोना से मौत हो गई
- बिहोली गांव की 62 साल की सोना देवी की रविवार रात को निजी अस्पताल में मौत हुई
- राजनगर के 42 वर्षीय राजेश्वर कुमार की की निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई
- बरसत रोड के 54 वर्षीय भूपेंद्र की कोरोना से रविवार सुबह मौत हुई
- सनौली रोड की 16 साल की अंजलि की निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई
- अंसल के 72 साल के श्यामलाल की रविवार रात को कोरोना से मौत
- राजनगर के 62 साल के ब्रह्म सिंह की कोरोना से मौत हुई।
- भारत नगर की 63 साल की जानकी की निजी अस्पताल में मौत
---
लॉकडाउन के नियमों का पालन करें, घरों में सुरक्षित रहें
कोरोना को जागरूकता से हराया जा सकता है। लोगों से अपील है कि अपने घरों में रहे सुरक्षित रहें। लक्षण आने पर जांच जरूर कराएं।
डॉ. जितेंद्र कादियान, सिविल सर्जन