महिला थाने में पुलिसकर्मी और दो दुकानदारों केेेे खिलाफ महिला ने 29 जुुलाई को नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने पास बुलाकर सामूहिक दुष्कर्म करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एफआईआर दर्ज होने के बाद भी जब तीनों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो करीब एक सप्ताह पहले महिला एसपी मनीषा चौधरी से शिकायत की कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। जिस पर एसपी ने डीएसपी वीरेंद्र सैनी के नेतृत्व में जांच के लिए स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम का गठन किया। एसआईटी की इसी जांच में सुनील बिंझौल की भूमिका सामने आई।
यूपी के कैराना में दुष्कर्म करने की जगह बताई गई
महिला ने अपनी शिकायत में पुलिसकर्मी और दो दुकानदारों पर आरोप लगाया था कि वे उसे सनौली से लगते उत्तर प्रदेश के कैराना में एक किराना की दुकान में ले गए थे। जहां उसके साथ तीनों ने दुष्कर्म किया।
पुलिस आने की सूचना पर कोर्ट से फरार हो गई थी महिला
महिला ने 29 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद ही से पुलिसकर्मी और दुकानदारों के बीच समझौते के प्रयास चल रहे थे। कांग्रेस के जिला कोआर्डिनेटर सुनील बिंझौल तभी से समझौता कराने के प्रयास चल रहे थे। समझौते की बात तय भी हो गई थी और महिला एफिडेविट बनवाने के लिए 31 जुलाई को कोर्ट गई थी, जहां उससे किसी ने कह दिया कि पुलिस गिरफ्तार करने आ रही है तो वह फरार हो गई थी।
जब महिला 31 जुलाई को एफिडेविट बनवाने कोर्ट गई थी, तब 15 लाख रुपये में समझौता तय हुआ था। लेकिन वह पुलिस आने के डर से भाग गई थी। आरोप है कि इसके बाद सुनील बिंझौल ने फिर से समझौता कराने का प्रयास किया और 27 लाख रुपये की मांग रखी। इस पर 25 लाख रुपये में बात तय हुई थी।
सुनील बिंझौल का भाई बोला, पुलिसकर्मी को बचाने के लिए भाई को फंसा रही पुलिस
कांग्रेस के जिला कोआर्डिनेटर सुनील बिंझौल के भाई विजय ने बताया कि वह शहर से बाहर गए हुए थे। जैसे ही भाई को पुलिस की ओर से हिरासत में लेने का पता चला, वह लौट आए। उन्होंने बताया कि भाई सुनील बिंझौल को पुलिस ने शुक्रवार से हिरासत में ले रखा है। दुष्कर्म के मामले में फंसे पुलिसकर्मी को बचाने के लिए उनके भाई को फंसाया जा रहा है। उनके भाई पर दवाब बनाया जा रहा है।
कांग्रेस के बड़े नेताओं और विधायक तक ने लगाई सीआईए कार्यालय में हाजिरी
शनिवार की रात साढ़े 10 बजे तक पुलिस ने सुनील बिंझौल की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की थी। ऐसे में शनिवार को दिन भर कांग्रेस के बड़े नेताओं और कांग्रेसी विधायकों का सीआईए-1 के कार्यालय में आना-जाना लगा रहा। हालांकि पूरे मामले में कांग्रेस का कोई भी नेता इस मामले में कुछ भी खुलकर कहने से बचता रहा है। उधर, दिनभर पुलिस भी सुनील बिंझौल को हिरासत में लिए जाने की बात को नकारती रही।
कहां से किया गिरफ्तार, रकम ली या नहीं, बताने से इंकार
सुनील बिंझौल को कहां से गिरफ्तार किया गया है, इस बारे में पुलिस कुछ नहीं बता रही है। 25 लाख रुपये रकम सुनील बिंझौल और महिला ने ली या नहीं, इसकी जानकारी भी पुलिस ने नहीं दी। उनका कहना है कि अभी मामले की जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की बात बताई जाएगी। फिलहाल सुनील बिंझौल को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कांग्रेस के जिला कोआर्डिनेटर सुनील बिंझौल को गिरफ्तार कर लिया गया है। आईपीसी की धारा 383 यानि डरा-धमकाकर पैसे एंठने, 120 बी यानि षड्यंत्र रचने और धारा 506 धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। महिला फरार है, उसकी तलाश की जा रही है। - वीरेंद्र सैनी, डीएसपी एसआईटी इंचार्ज