उधर, मोहाली के सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने मोहाली के दो संक्रमितों की मौत की पुष्टि की। वहीं, एक निजी अस्पताल में रोपड़ निवासी व्यक्ति की मौत भी हुई है। दूसरी तरफ जिले में 144 लोग संक्रमित हुए हैं, जबकि 56 लोगों ने कोरोना को मात दी है। उन्होंने बताया कि जिले में कोविड के मरीजों की संख्या 2561 पर पहुंच गई है। 1311 लोग तंदरुस्त हो चुके हैं। वहीं, 1201 एक्टिव मरीज हैं। इसके अलावा अब तक 48 लोगों की मौत हुई है।
वहीं, चंडीगढ़ में शनिवार को भी अब तक के सबसे ज्यादा 145 पॉजिटिव मरीज सामने आए जबकि 45 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। इससे पहले 17 अगस्त को 114 और 20 अगस्त को 119 पॉजिटिव मरीज सामने आए थे। 145 मरीजों के मिलने के बाद शहर में पॉजिटिव केस की संख्या 2776 हो गई है, जबकि अभी 87 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। कोरोना के कारण अब तक शहर में 33 मौत हो चुकी है।
लापरवाही पड़ने लगी भारी
कुछ दिनों पहले तक शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से पॉजिटिव आने वाले ज्यादातर मामले परिवार के ही संक्रमित सदस्य के संपर्क में आने वाले लोगों के थे लेकिन अब स्थिति भयावह हो चुकी है। सोशल डिस्टेंसिंग की अनदेखी के कारण शहर के लगभग हर इलाके में कीरोना की चेन सक्रिय हो चुकी है। अलग-अलग घरों के लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं। हर दिन शहर के विभिन्न सेक्टर और अन्य क्षेत्रों के लोग संक्रमित हो रहे हैं। ऐसे में डॉक्टर का कहना है कि अब अगर न चेता गया तो फिर स्थिति नियंत्रण से बाहर होगी।