पानीपत। दिल्ली के जंतर-मंतर पर वोट चोरी के मुद्दे को लेकर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष और विधानसभा क्षेत्र के एक दर्जन नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने शुक्रवार को नजरबंद कर दिया।
वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन कुंडू के सेक्टर-18 स्थित आवास पर एकत्रित होकर दिल्ली कूच करने की तैयारी में थे। इसी समय सेक्टर-13/17 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रोक लिया। पुलिस बल ने पूरे दिन आवास पर पहरा देते हुए सभी नेताओं को नजरबंद रखा, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी रोष देखा गया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन कुंडू ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि सरकार विरोध की हर आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। ग्रामीण जिलाध्यक्ष रमेश मलिक ने कहा कि जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ने से कांग्रेस नेताओं को इस तरह रोक-टोक कर दबाया नहीं जा सकता। बिजेंद्र पुनिया और दीपक खटकड़ ने कहा कि तानाशाही रवैये से लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है, लेकिन कार्यकर्ता अपने हक के लिए आवाज उठाना बंद नहीं करेंगे। पुलिस की इस कार्रवाई के चलते कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता निर्धारित कार्यक्रम के तहत दिल्ली जंतर-मंतर नहीं पहुंच सके। संवाद