पानीपत। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नौ अक्तूबर को पानीपत दौरे पर रहेंगे। वे आर्य पीजी कॉलेज में शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय पेंटिंग व भाषण प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इसके बाद सेक्टर-25 स्थित ऑरेलिया ग्रैंड बैंक्वेट में जैन समाज के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
नागरिक अस्पताल की नई मातृ एवं शिशु देखभाल (एमसीएच) विंग और इसराना उपमंडल सचिवालय की नई इमारत के उद्घाटन की भी तैयारी है। हालांकि प्रशासन ने उद्घाटन व शिलान्यास कार्यक्रम को अभी अंतिम रूप से स्पष्ट नहीं किया है।
विज्ञापन
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण ने बुधवार शाम आर्य पीजी कॉलेज स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
108 मीटर लंबी मानव रंगोली में उकेरेंगे भारत का नक्शा
शिक्षा विभाग की ओर से आर्य पीजी कॉलेज में 108 मीटर लंबी मानव रंगोली बनाई जाएगी। इसमें विद्यार्थी भारत के नक्शे की आकृति बनाकर ‘सेवा संकल्प’ का संदेश देंगे। खंड शिक्षा अधिकारी जयपाल सरोहा ने बताया कि तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।