पानीपत। शिव चौक पर खाद बीज व्यापारी से लूटपाट करने आए बदमाश को लोगों को दबोच लिया। एक बदमाश फरार होने में सफल हो गया। बदमाश ने हवाई फायरिंग कर वहां से भागने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए उसे दबोच लिया और उसके हाथ से पिस्तौल छीन ली। लोगों ने बदमाश को पकड़कर इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाश को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने व्यापारी के बयान दर्ज कर मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिव चौक पर व्यापारी की खाद बीज की दुकान है। वो पौने सात बजे अपनी दुकान पर बैठा था। इसी वक्त एक लगभग 18-20 साल के दो युवक दुकान आए। दुकान में आते ही एक ने व्यापारी के माथे पर पिस्तौल तान दी। पिस्तौल तानते ही व्यापारी खड़ा हो गया। दुकान के बाहर खड़े लोगों ने बदमाशों को पिस्तौल ताने देख लिया। लोगों ने शोर मचाया तो वहां लोगों की भीड़ जुट गई। भीड़ बदमाश की ओर बढ़ी तो बदमाश ने हवाई फायर कर लोगों को डराने का प्रयास किया, इस दौरान एक बदमाश वहां से भीड़ का फायदा उठाकर भाग गया लेकिन लोगों ने साहस दिखाते हुए बदमाश को पकड़ लिया। पूछताछ करने पर बदमाश ने अपना नाम अमित बताया। लोगों ने बदमाश के हाथ से पिस्तौल छीन ली और पुलिस को इसकी सूचना दी। अब पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।