समालखा। गांव पट्टीकल्याना के पास जी टी रोड के पास तीन लोगों ने पिस्तौल के बल पर चालक व उसके साथी को बंधक बना लिया। दोनों को सुनसान रास्ते में उतार कर गाड़ी और दो मोबाइल लूट कर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में विजय गुप्ता निवासी गांव सौदापुर ने बताया कि वह करीब तीन महीने से दिल्ली में गाडी डिप्टी टेंपो सर्विस, गोविंदपुर पर ड्राइवरी कर रहा है। वीरवार को करवाल, जिला पंचकूला से अपनी गाड़ी में अंडे की कैरेट लोड करके रात साढ़े आठ बजे अपने साथी कंडक्टर सत्तु रावत निवासी मुरवाला, बिहार के साथ दिल्ली के लिए चला था। रात एक बजे पट्टीकल्याणा के पास गाड़ी को साइड मे खड़ी करके पेशाब करने गया। इसी दौरान तीन व्यक्ति आए और उसे जबरदस्ती वापस गाड़ी में बैठा दिया। इसके बाद आरोपी पिस्तौल के बल पर गाड़ी को खुद चलाकर कुंडली बार्डर के पास ले गए। उन्हें बाद में गाड़ी से उतार दिया।