समालखा। समालखा के 220 केवी पावर हाउस में देर रात धमाके के साथ समालखा सिटी का केवल बॉक्स फट गया। जिससे सिटी फीडर से जुड़े काठमंड़ी, रेलवे रोड़, गुड़मंडी, चुलकाना रोड आदि जगहों की बिजली गुल हो गई। इसके बाद भी निगम ने कोई सुध नही ली। जिससे रात भर समालखा एरिया में ब्लैकआउट रहा। इसके करीब 12-13 घंटे बाद भी लाइन चालू नहीं की गई और लोग बिजली किल्लत से परेशान नजर आए।
पड़ाव एरिया के लोगों ने बताया कि रात भर बिजली का संकट झेलने के बाद बृहस्पतिवार को ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई। जिससे अधिक वोल्टेज आने के कारण कुछ लोगों के घरों के बिजली उपकरण तक जल गए। उल्लेखनीय है कि वर्षों से शहर के 220 केवी पावर हाउस से अलग अलग फीडरों से गुजर रही 11000 केवी की तार खुले में पड़ी हैं। बुधवार की रात करीब साढ़े 10 बजे 220 केवी पावर हाउस में धमाके के साथ समालखा सिटी फीडर का केवल बॉक्स फट गया। इससे शहर के कई एरिया की लाइट चली गई। इस समस्या से शाम को एक्सईएन को अवगत कराया गया। जिस पर एक्सईएन ने समाधान कराने के आदेश दिए।
बाक्स
निगम के शिकायत केंद्र 1912 पर भी नही हुआ समाधान
बिजली की समस्या के बारे में लोगों ने बताया कि उन्होंने बिजली निगम के शिकायत केंद्र के नंबर पर भी कई बार फोन किए लेकिन हर बार फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद लोगों ने 1912 नंबर पर शिकायत दर्ज करवाई लेकिन रात भर आश्वासन पर आश्वासन मिलते रहे। निगम की ओर से उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए 1912 नंबर जारी किया गया था लेकिन इस नंबर से भी उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नही हो सका।
बाक्स
जेई और लाइनमैन का मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला
समालखा सब डिविजन के एसडीओ रवि कुमार ने बताया कि निगम की ओर से जेई सहित लाइनमैन को उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान करने के लिए शिकायत केंद्र पर सरकारी मोबाइल फोन दिए गए थे। शहर में दो जगह शिकायत केंद्र भी बनाए गए हैं। बार बार उपभोक्ताओं की ओर से शिकायतें मिल रही हैं कि जेई और लाइनमैन या तो उपभोक्ताओं के फोन रिसीव नहीं करते या फिर मोबाइल फोन स्विच ऑफ रखते हैं, जिसको लेकर उन्होंने रात करीब आठ बजे निरीक्षण भी किया। इस दौरान जेई और लाइनमैन का मोबाइल फोन स्विच आफ मिला। जिस पर एसडीओ ने जेई सहित दो लाइनमैन के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की बात कही।