अंसल सुशांत सिटी के गेट नंबर दो के पास एक एक्टिवा चालक ने सैर कर रही एक महिला को टक्कर मार दी और एक्टिवा मौके पर छोड़कर फरार हो गया। महिला के पति ने उसे अस्पताल पहुंचाया। कुछ देर बाद आरोपी अपने साथियों के साथ आया और हमला कर एक्टिवा को छुड़ाकर ले गया। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ सेक्टर 13-17 थाना पुलिस को शिकायत दी है।
अंसल सुशांत सिटी निवासी विकास बतरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अध्यापक है और शनिवार को शाम छह बजे वे पत्नी शिवानी बतरा के साथ अंसल के गेट नंबर दो के पास सैर कर रहे थे। इस दौरान पीछे से तेज रफ्तार एक्टिवा से आ रहे एक युवक ने उसकी पत्नी को टक्कर मार दी। इस हादसे में उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी मौके पर एक्टिवा छोड़कर फरार हो गया। इस पर उसने अपने दोस्त लक्ष्मण को बुलाया और आरोपी की एक्टिवा उसे सौंप दी। इसी बीच दोस्त लक्ष्मण ने फोन पर बताया कि आरोपी अपने साथियों के साथ मारपीट कर उसके कब्जे से एक्टिवा छुड़ा कर ले गया है। इस पर उसने पुलिस को शिकायत दी।