पानीपत। राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2022 पर ‘मेरा वोट मेरा भविष्य - एक वोट की शक्ति’ विषय पर चुनाव आयोग ने एक राष्ट्रीय मतदाता जागरुकता प्रतियोगिता की शुरुआत की है। इसमें पांच श्रेणियों में विजेता प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 31 मार्च है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील सारवान ने बताया कि भारत के चुनाव आयोग के ‘स्वीप’ (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी) कार्यक्रम के तहत यह प्रतियोगिता शुरू की गई है। इसका उद्देश्य क्राउडसोर्सिंग के माध्यम से लोकतंत्र में हर एक वोट के महत्व बारे लोगों को जागरूक करना है। वेबसाइट www.ecisveep.nic.in/contest पर प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, नियम एवं शर्ते दी गई हैं। प्रतिभागियों को ईमेल में अपनी प्रतियोगिता और श्रेणी के बारे में स्पष्ट रूप से उल्लेख करना होगा।
पांच श्रेणियां बनाई
प्रतियोगिता में पांच श्रेणियां हैं। इनमें प्रश्नोत्तरी, स्लोगन, गीत, वीडियो निर्माण और पोस्टर डिजाइन शामिल हैं। इनमें आवेदक तीन श्रेणियों में संस्थागत, व्यावसायिक और एमैच्योर श्रेणी के तहत भाग ले सकते हैं।
प्रत्येक श्रेणी में शीर्ष तीन विजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक श्रेणी में एक ‘स्पेशल मेंशन’ श्रेणी के तहत भी नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। संस्थागत श्रेणी में चार स्पेशल मेंशन होंगे। जबकि व्यावसायिक और एमेच्योर श्रेणी में तीन-तीन स्पेशल मेंशन होंगे। विभिन्न श्रेणियों में प्रविष्टियों पर निर्णय भारत के चुनाव आयोग की ओर से गठित एक जूरी करेगी। प्रविष्टियों के पुनर्मूल्यांकन के दावों से संबंधित किसी भी आग्रह पर विचार नहीं किया जाएगा।