पानीपत। बदमाश मनोज बाबा पर प्राइवेट बस संचालक से अवैध वसूली करने की दूसरी रिपोर्ट दर्ज हुई है। फरार मनोज पर पुलिस ने 15 हजार रुपये का इनाम रखा है। अब पुलिस को उनके खिलाफ दूसरी शिकायत मिली है। इसमें पुलिस ने मनोज बाबा, दीपू और इमरान के खिलाफ धारा 120बी, 379बी, 387 व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यूपी के बुलंदशहर निवासी सलीम ने बताया कि उसका पानीपत में बस ट्रांसपोर्ट का काम है। तीन माह पहले उसकी बसों पर दीपू समेत तीन-चार लड़कों ने स्टाफ के साथ मारपीट और लूटपाट की। रुपयों की डिमांड करते हुए कहा कि मनोज बाबा के आदमी हैं और तुम अपने मालिक से बात करवाओ। बदमाशों ने कहा कि मनोज बाबा तुम्हारी बसों को यहां पानीपत में चलने नहीं देंगे। रुपये नहीं दोगे तो तुम्हे जान से मार देंगे। उसने पहले 10 हजार और फिर 20 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
अवैध वसूली बंद कराना चाहते हो तो डेरे में आकर मिलो
पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने उससे कहा कि अगर वसूली बंद करवाना चाहते हो तो मनोज बाबा के डेरे पर आकर मिलो। इसी दिन इमरान ने कॉल कर कहा कि वह यह सब बंद करा देगा। उसने मनोज बाबा से फोन पर बात करवाई। वह मनोज बाबा के डेरे पर गया। जहां इमरान, दीपू, मनोज बाबा ने कहा कि अगर तुमने अपना यहां काम करना है तो कहे अनुसार चलना होगा।
पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, मामले की जांच शुरू कर दी है, सभी आरोपियों की धरपकड़ के लिए संबंधित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
- इंस्पेक्टर विजय, सेक्टर 13-17 थाना प्रभारी