फ्लाईओवर के नीचे प्रदर्शन करते हुए सर्व कर्मचारी संघ के सदस्य।
- फोटो : Panipat
पानीपत। अपनी लंबित मांगों के लिए सर्व कर्मचारी संघ ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान कश्मीर सिंह ने की। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा। संचालन जिला सचिव अमरीश त्यागी ने किया। प्रदर्शन से पहले सभी विभागों के कर्मचारी उपायुक्त कार्यालय के सामने पुल के नीचे एकत्रित हुए और प्रदर्शन करते हुए उपायुक्त कार्यालय पर पहुंचे।
जिला प्रधान कश्मीर सिंह, सचिव अमरीश त्यागी और ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन के राज्य उपप्रधान सुरेश कुमार ने बताया कि कौशल रोजगार निगम से जहां कच्चे कर्मचारियों को पक्का होने के रास्ते बंद हो जाएंगे वहीं नियमित भर्ती भी नहीं होगी। इससे बेरोजगार युवाओं को पक्की नौकरी के सपने भी चकनाचूर होंगे। जिला उपप्रधान राजपाल, खजांची सुरेंद्र मलिक ने बताया नेशनल मुद्रीकरण पाइपलाइन लेबर कोडस बिजली संशोधन बिल एनपीसी को रद्द करने, लिपिक का वेतन 35400 करने, खाली पदों पर पक्की भर्ती आदि समेत कई मांगों को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है।
सुरेश कुमार ने बताया ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन ने अपनी मांगों को लेकर 15 जून को पंचकूला में अतिरिक्त मुख्य सचिव पावर के कार्यक्रम के खिलाफ प्रदर्शन का एलान किया है। इस प्रदर्शन को वरिष्ठ उपप्रधान रामपाल कुंडू, रोडवेज से सुल्तान मलिक, राजेंद्र छौक्कर, बिजली यूनियन से मनीष मलिक, जितेंद्र सैनी, मदनकुमार, ब्लॉक समालखा से प्रधान नरेशपाल बापौली से प्रीतम रावल इसराना से सीता राम, हुड्डा से जितेंद्र आदि ने संबोधित किया।