संवाद न्यूज एजेंसी
सनौली। यमुना में सलमान के तीन बच्चों का मंगलवार को पांचवें दिन भी सुराग नहीं लगा सका हैं। जबकि सलमान और उनकी बड़ी बेटी महक का शव रविवार को बरामद कर लिया था। गोताखोर करीब 40 किलोमीटर दूर तक उनकी तलाश कर चुके हैं।
कैराना कस्बे के मोहल्ला खैलकलां के सलमान ने अपनी पत्नी के प्रेम प्रसंग से तंग आकर 3 अक्टूबर को अपनी बेटी बेटी महक (11), शिफा (9), बेटे अयान (3) व आठ माह की बेटी इनायत उर्फ इनायशा के साथ यमुना में पुल से छलांग लगा दी थी। रविवार को सनौली यमुना बार्डर पुल से बागपत के टांडा व खोजकीपुर पुल के निकट से सलमान का शव बरामद किया था। जबकि इस्सोपुर टील-खोजकीपूर के निकट से बड़ी बेटी महक का शव मिला था।
पानीपत की सीमा से आगे निकलने का अंदेशा
अंदेशा लगाया जा रहा है कि तीन बच्चे तेज पानी के चलते काफी दूर तक बहकर चले गए होंगे। हरियाणा और यूपी के प्राइवेट गोताखोर साजिद व मुस्तकीम उर्फ बिल्लू ने साथियों के साथ मंगलवार को 40 किलोमीटर तक तलाश किया। लेकिन उनका सुराग नहीं मिला। बहन गुलिस्ता ने बताया कि सलमान अपनी पत्नी खुशनुमा की हर ख्वाहिश पूरी करते थे। खुशनुमा ने पिता से अलग रहने की जिद की तो सलमान ने मोहल्ला खेलकलां में किराये का मकान लिया। पिता के घर में खुशनुमा की शिकायत सामने नहीं आई थी। किराये के मकान में जाने के बाद उसकी शिकायत आने लगी।