पानीपत। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान जीटी रोड पानीपत में मंगलवार को को अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया। इसमें इंडिया प्राइवेट लिमिटेड भिवाड़ी राजस्थान व वरुण बेवरेजे पेप्सी पानीपत ने भाग लिया। इस अप्रेंटिसशिप मेले का उद्घाटन उपायुक्त पानीपत ने किया। उपायुक्त ने छात्रों को कहा कि आप लोगों को आईटीआई करने के बाद किसी भी सूरत में घर नहीं बैठना चाहिए, जितना जल्दी हो सके किसी न किसी कंपनी में बतौर अप्रेंटिसशिप या नौकरी पर ज्वाइन कर लेना चाहिए ताकि आप का प्रैक्टिकल ज्ञान बढ़ता रहे और आप का खर्च भी चलता रहे।
आईटीआई के प्रधानाचार्य कम नोडल अधिकारी डॉ.कृष्ण कुमार ने बताया कि अप्रेंटिसशिप के लिए 128 छात्रों ने पंजीकरण करवाया, लेकिन सत्यापन के बाद 85 छात्र साक्षात्कार दे पाए। अप्रेंटिसशिप मेले में आई हुई दोनों कंपनियों ने अप्रेंटिस के लिए कुल 66 छात्रों का चयन किया गया। इनमें 63 छात्र यजाकी इंडिया प्रा. लि. के लिए, एक-एक छात्र पेप्सी पानीपत, मेडिकल इंस्ट्रूमेंट कंपनी और माले नोएडा थर्मल के लिए चयनित हुए।
आईटीआई के प्लेसमेंट ऑफिसर रमेश कुमार ने बताया कि यह इस वर्ष का इस प्रकार का तीसरा आयोजन है। इससे पहले भी आईटीआई दो बार 515 छात्रों को रोजगार दिलवा चुकी है। नव चयनित 66 छात्रों को मिलाकर यह आंकड़ा 581 पर पहुंच गया है। इस मौके पर आईटीआई बापौली के इंचार्ज महेंद्र कुमार, आईटीआई बराना के इंचार्ज वीरेंद्र शर्मा, वरिष्ठ वर्ग अनुदेशिका रंजना शर्मा, दिलबाग सिंह, बलराज सिंह, भारत भूषण, संदीप कुमार व सुमित पुनिया आदि मौजूद रहे।