पानीपत। 25 हजार से ज्यादा खिलाड़ियों वाले जिले में केवल 20 कोच ही हैं, जो उन्हें रोजाना अलग-अलग स्टेडियम में सरकार की तरफ से मुफ्त प्रशिक्षण देते हैं। खिलाड़ियों के हिसाब से कोच की संख्या काफी कम है। जिले में तीन एथेलेटिक्स, 2 कुश्ती, 2 कबड्डी के अलावा बाकी सभी खेलों के केवल एक-एक कोच हैं।
जिले में सबसे ज्यादा कबड्डी व कुश्ती के खिलाड़ी हैं, जो हर साल अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर लाते हैं। अकेले गांव बुढशाम में 20 से ज्यादा कबड्डी के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। वहीं समालखा, सिवाह व अन्य गांवों में कुश्ती के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। खिलाड़ियों की संख्या को देखते हुए जिले में कुश्ती व कबड्डी कोच की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। जिले में एक तैराकी कोच भी है, जबकि किसी भी स्टेडियम में स्वीमिंग पूल ही नहीं है। सिवाह गांव में बन रहे स्टेडियम में जिले का पहला स्वीमिंग पूल होगा, जिसमें खिलाड़ी तैराकी भी सीख सकेंगे।
वर्तमान समय में जिले में एक भी स्टेडियम नहीं है, जिसमें राज्यस्तरीय मल्टीपरपज हॉल हो। मल्टीपरपज हॉल की सुविधा न होने के कारण इस बार के राज्यस्तरीय खेलो इंडिया गेम्स के ट्रायल भी अलग-अलग स्कूल में करवाए गए थे। वहीं जिले के 4 स्टेडियम में इस समय मल्टीपरपज हॉल बनने का काम हो रहा है। संवाद
नया स्टेडियम बनने के बाद बदल सकती है जिले में खेल की तस्वीर
नया स्टेडियम तैयार होने के बाद जिले में खेल की तस्वीर बदल सकती है। सिवाह गांव में बन रहे स्टेडियम का काम दो महीने बाद पूरा हो जाएगा, जिसके बाद इसका उद्घाटन होते ही उसमें राज्यस्तरीय व राष्ट्र स्तरीय प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हो सकेगा। निर्माणाधीन स्टेडियम में इस समय आउटडोर स्टेडियम का काम पूरा हो गया है। इंडोर स्टेडियम का काम अभी भी चल रहा है।
हर साल कबड्डी व कुश्ती में सबसे ज्यादा खिलाड़ी होते हैं शामिल
हर साल कबड्डी व कुश्ती खेलने वालों की संख्या जिले में बढ़ती है। जिससे हर साल कबड्डी कुश्ती, खो-खो जैसे खेल में नया धुरंधर खिलाड़ी निकलता है जो बाद में प्रो-कबड्डी लीग में खेलकर पानीपत का नाम रोशन करता है। 2018 में हुई प्रो कबड्डी में जिले से दो से तीन खिलाड़ी ने भाग लिया था।
जिले में 20 कोच
खेल संख्या
एथेलेटिक्स 3
कुश्ती 2
जूडो 2
कबड्डी 2
बॉक्सिंग 1
हैंडबॉल 1
ताइक्वांडो 1
जिमनास्टिक 1
वेटलिफ्टिंग 1
फेंसिंग 1
स्वीमिंग 1
साईक्लिंग 1
फुटबॉल 1
हॉकी 1
क्रिकेट 1
सिवाह गांव में बन रहा नया स्टेडियम पूरा होने के बाद जिले में नए खेल स्वीमिंग, लॉन टेनिस, टेबल टेनिस, तलवारबाजी जैसे खेल को खिलाड़ी खेल पाएंगे। इसके बाद जिले में नया कोच भी शामिल किया जाएगा। इस समय जिले में कुल 20 कोच हैं, जो खिलाड़ियों को शिवाजी स्टेडियम व अन्य स्टेडियम में तैयारी करवाते हैं।
-राज यादव, जिला खेल अधिकारी
पानीपत। पानीपत शिवाजी स्टेडियम।- फोटो : Panipat