पानीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में नकलचियों के मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार को 12वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय के पेपर में नकल के केसों की भरमार रही। उड़नदस्तों की टीम ने जिले में 16 विद्यार्थियों को नकल करते पकड़ा। इनमें से एक मामला दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने का भी रहा। सबसे ज्यादा पांच नकलची सनौली में पकड़े गए वहीं पानीपत आर्य ब्वायज नंबर-4 में दूसरे के स्थान पर लड़का परीक्षा देते दबोचा गया। उड़नदस्ते की टीमों ने नकल करते पकड़े गए विद्यार्थियों की यूएमसी बनाए हैं।
दूसरी ओर बोर्ड अधिकारियों के दावे हैं कि परीक्षाओं को नकल रहित संचालित करवाया जा रहा है। नकल करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। शिक्षा अधिकारियों का कहना है कि नकल करते पकड़े जाने वाले विद्यार्थियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को नकल न करने की सलाह दी।
कहां कितने पकड़ गए नकलची
एसडी ब्याएज वन व टू में - 04
इसराना वन में - 03
चुलकाना - 01
वजीरपुर टिटाना- 02
ददलाना- 01
सनौली में- 05
पानीपत आर्य ब्वायज नंबर-4 में- एक नकली अर्थात दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते पकड़ा।
कुछ परीक्षा केंद्रों पर खुलकर चली नकल
वहीं, कुछ परीक्षा केंद्रों पर खुलकर नकल चली और पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। इनमें से जाटल का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भी एक रहा। बाहरी तत्व करीब छह फीट उंची दीवार पर कुंटीली ग्रिल की बाधा को भी पार कर नकल की पर्चियां फेंकते नजर आए। करीब 20-25 बाहरी युवा दीवारों पर चढ़े हुए थे जबकि पुलिसकर्मी छाया में बैठकर आराम फरमाते नजर आए।
बाहरी हस्तक्षेप रोकने के लिए पुलिस जिम्मेदार
शिक्षा अधिकारियों ने बताया कि जिले में नकल रहित परीक्षा संचालित करवाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। परीक्षा केंद्रों में बाहरी तत्वों का हस्तक्षेप रोकने की जिम्मेदारी पुलिस कर्मचारियों की हैं। परीक्षा केंद्रों के अंदर कार्यरत पर्यवेक्षकों को भी नकल के मामले रोकने की सख्त हिदायतें दी गई हैं। जिले में बोर्ड परीक्षाओं को लेकर 75 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर नकल रहित परीक्षा संचालित करवाने के लिए 300 से अधिक पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
- बोर्ड परीक्षाओं को नकल रहित संचालित करवाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। सोमवार को 12वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय के पेपर में नकल करते 16 विद्यार्थियों को पकड़ा है। सभी केंद्र अधीक्षकों व पर्यवेक्षकों को नकल रहित परीक्षा संचालित करवाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। - रमेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत।