पानीपत। सुपर-100 कार्यक्रम के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए लेवल-2 प्रवेश परीक्षा का आयोजन 19 से 27 अप्रैल तक तीन चरणों में किया जाएगा। पहले चरण की परीक्षा मंगलवार को संपन्न हो गई है। अब दूसरे चरण में 22 से 24 अप्रैल तक पानीपत सहित सात जिलों के 738 विद्यार्थी भाग लेंगे।
जिले के 151 विद्यार्थियों ने लेवल-1 परीक्षा उत्तीर्ण कर लेवल-2 के लिए क्वालिफाई किया है। इस बार 5284 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जबकि 3790 विद्यार्थियों ने लेवल-1 परीक्षा दी थी। विद्यार्थियों को कुरुक्षेत्र स्थित सुपर-100 कैंपस में तीन दिन रहकर परीक्षा देनी होगी।
विद्यार्थियों को सुबह नौ बजे तक पहुंचना अनिवार्य है। इसके लिए पंजीकरण दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने के लिए मोबाइल फोन, डिजिटल घड़ी, कैलकुलेटर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।