पानीपत। गांव सौदापुर में एक दुुकान संचालक को उधार के रुपये मांगने महंगे पड़ गए। दुकानदार ने युवकों से चिकन के रुपये मांगे तो आरोपियों ने उस पर गंडासी और रॉड से हमला कर दिया। दुकान में बैठे ग्राहकों ने बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। घायलों ने सामान्य अस्पताल में इलाज कराया और बृहस्पतिवार को आरोपियों के खिलाफ थाने में शिकायत दी।
गांव सौदापुर निवासी गौतम ने बताया कि उसकी गांव में चिकन की दुकान है। दुकान के सामने सुरेंद्र उर्फ भीम की वेल्डिंग की दुकान है। सुुरेंद्र की दुकान पर शरारती तत्व बैठते हैं, जो उसकी दुकान से चिकन लेते हैं। चार दिन पहले सुरेंद्र उसकी दुकान पर आया तो उसने सुरेंद्र से चिकन के रुपये मांगे थे। इसी बात पर सुरेंद्र गुस्सा हो गया और देख लेने की धमकी देकर फरार हो गया। बुधवार रात करीब 11 बजे सुरेंद्र अपने 10 से 15 साथियों के साथ दुकान में घुस आया और उस पर लाठी, डंडे, गंडासी, रॉड से हमला कर दिया। यहां तक की दुकान में बैठे ग्राहक अमित, आकाश, पुनीत, महेंद्र के साथ भी मारपीट की। उन्होंने बचाव के लिए शोर मचाया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।