केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) 10वीं और 12वीं कक्षा के रिजल्ट का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए बड़ा अपडेट आया है। सीबीएसई ने बताया कि इस हफ्ते सीबीएसई के 10वीं और 12वीं कक्षा के रिजल्ट नहीं आएंगे। बोर्ड और स्कूल अभी भी मिलकर रिजल्ट को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं। इसलिए परिणाम घोषित करने के लिए कोई तारीख भी तय नहीं की है।
सोशल मीडिया में एक लिंक वायरल हो रहा है, जिसमें सीबीएसई कक्षा 10वीं के परिणाम अपलोड होने का दावा किया जा रहा है। लेकिन अभी तक सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर इस प्रकार की कोई भी सूचना अपलोड नहीं की गई है। इसलिए सोशल मीडिया में शेयर की जा रही लिंक फर्जी हो सकती है। हालांकि, सीबीएसई कक्षा 10वीं का रिजल्ट का बहुत दिनों से लंबित है। कुछ सोशल मीडिया रिपोर्ट्स में भी दावा किया गया है कि किसी भी वक्त रिजल्ट सीबीएसई की साइट पर अपलोड किए जा सकते हैं, लेकिन अभी तक परिणाम घोषित नहीं किए गए हैं। इसलिए बोर्ड ने कहा कि छात्र और अभिभावक सोशल मीडिया में फैली ऐसी किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
टर्म-1 व टर्म-2 में पूरा किया जाएगा पाठ्यक्रम, सिलेबस भी होगा कम
सीबीएसई ने अपनी नई मूल्यांकन नीति को जारी रखते हुए कक्षा 9वीं से 12वीं तक के लिए संशोधित पाठ्यक्रम जारी किया है। संबंधित छात्रों के लिए सीबीएसई ने संशोधित सिलेबस को सभी विषयों के लिए विस्तृत पाठ्यक्रम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया है। अभिभावक और अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट सीबीएसईएकेडमिक डॉट निक डॉट इन पर जाकर संशोधित पाठ्यक्रम देख सकते हैं। कोरोना महामारी की तीसरी लहर को देखते हुए सीबीएसई ने कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के लिए सिलेबस भी कम करने का निर्णय लिया है। अब सिलेबस को दो हिस्सों में पूरा किया जाएगा। आधिकारिक वेबसाइट पर जारी अधिसूचना के मुताबिक 50 फीसदी पाठ्यक्रम टर्म-1 में और शेष 50 फीसदी पाठ्यक्रम टर्म-2 में पूरा किया जाएगा। पहला टर्म नवंबर-दिसंबर में होगा, जबकि दूसरा टर्म मार्च-अप्रैल में होगा।
बोर्ड ने स्कूलों को दिए निर्देश
बोर्ड द्वारा हाल ही में जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार एमसीक्यू जैसे केस-आधारित एमसीक्यू और असर्शन-रीजनिंग एमसीक्यू को सीबीएसई टर्म-1 परीक्षाओं में शामिल किया जाएगा। टर्म-2 में विभिन्न टाइपोलॉजी के विविध प्रश्न शामिल होंगे। एमसीक्यू को अक्सर छात्रों द्वारा हल्के में लिया जाता है लेकिन ऐसे प्रश्न आपको अच्छे अंक प्राप्त करने में मदद कर सकते हैं। प्रत्येक छात्र को उत्कृष्ट स्कोर के साथ परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए विभिन्न एमसीक्यू-प्रकार के प्रश्नों का अभ्यास करने की आवश्यकता होती है। ।
सीबीएसई ने अपनी नई मूल्यांकन नीति को जारी रखते हुए कक्षा 9वीं से 12वीं तक के लिए संशोधित पाठ्यक्रम जारी किया है। अब सिलेबस को दो हिस्सों में पूरा किया जाएगा। दसवीं के परिणाम को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल लिंक फर्जी है। सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट में अभी तक इस प्रकार की कोई भी सूचना अपलोड नहीं की गई है।
-विनीता तोमर, जिला कोऑर्डिनेटर, सीबीएसई, पानीपत।