गंदगी की जगह लोगों को मिली पार्क की सौगात, अब उद्घाटन का इंतजार
- वार्ड-17 में 8 मरला कालोनी के पास रेलवे लाइन के साथ हुआ पार्क का निर्माण
- रेलवे व नगर निगम के संयुक्त प्रयास से लोगों को मिली गंदगी के ढेर से मुक्ति
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत।
रेलवे और नगर निगम के संयुक्त प्रयास से वार्ड-17 के लोगों को पार्क की सौगात मिली है। हालांकि अभी पार्क का उद्घाटन नहीं किया गया है लेकिन शीघ्र ही इसका उद्घाटन कर दिया जाएगा। पार्क के निर्माण के साथ ही लोगों को रेलवे लाइन के साथ पड़ी गंदगी के ढेर से निजात मिली है। पार्क जहां स्वच्छता व सुंदरता के प्रतीक माने जाते हैं, वहीं लोगों को हैल्दी बनाए रखने में भी सहयोगी होते हैं। रेलवे विभाग और नगर निगम के संयुक्त प्रयास से रेलवे लाइन के साथ लगती जमीन का जिस तरह सौंदर्यकरण किया जा रहा है, वह नगर निगम व रेलवे विभाग का सराहनीय कदम माना जा रहा है।
पहले जहां वार्ड-17 के अंतर्गत जाटल रोड और गोहाना रोड के बीच आठ मरला कालोनी के साथ लगती रेलवे लाइन के साथ-साथ गंदगी के ढ़ेर पड़े रहते थे। रेलवे लाइन के साथ बनी सड़क पर लोगों का गुजरना दूभर बना हुआ था। रेलवे लाइन के साथ पड़ी गंदगी के निस्तारण व इस जगह का सौंदर्यकरण करने के लिए आसपास के क्षेत्र के लोगों की भी काफी समय से मांग चली आ रही थी। ऐसे में रेलवे विभाग ने पहल की और नगर निगम के साथ संयुक्त प्रयास से इस जगह गंदगी का निस्तारण कर पार्क बनवाने की कवायद शुरू की। पार्क निर्माण के लिए रेलवे ने जगह मुहैया करवाई और नगर निगम ने लाखों खर्च कर पार्क का निर्माण करवाया। हालांकि पार्क के निर्माण में लगभग 45 लाख रूपए की लागत आई लेकिन पार्क बन जाने के बाद क्षेत्र को लोगों को न केवल कचरे के ढेर से उठने वाले बदबू से राहत मिली बल्कि पार्क के रूप में क्षेत्रवासियों को सुंदर सौगात मिली। पार्क बन जाने के बाद साथ लगती कालोनियों आठ मरला कालोनी, शास्त्री कालोनी सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिली है। पार्क में जहां बच्चे खेलकूद कर अपना मनोरंजन करते हैं, वहीं बुजुर्ग व्यक्ति भी सुबह-शाम सैर का खूब आनंद लेते हैं। सुबह-शाम पार्क में लोगों की काफी चहलकदमी रहती है। आसपास के लोगों द्वारा रेलवे व नगर निगम द्वारा किए गए इस विकास कार्य की काफी सराहना की जा रही है।
बॉक्स
स्वास्थ्य में सुधार का आधार बनेगा पार्क
आठ मरला कालोनी वासी नरेश व बलदेव ने बताया कि रेलवे द्वारा पार्क का निर्माण करवाए जाने से आसपास के लोगों के लिए सुबह-शाम पार्क में भ्रमण करने का मौका मिला है। इससे लोगो की फिटनेस बनी रहेगी और उनके स्वास्थ्य में भी सुधार आएगा। पार्क निर्माण से पूर्व लोगों को जाटल रोड से 8 मरला कालोनी के शुरूआत में ही गंदगी के ढेर का सामना करना पड़ रहा था जिसकी बदबू से आसपास के लोगों के बीमार होने का खतरा बना रहता था।
बॉक्स
वार्ड-17 में दो ओर पार्कों की जरूरत : सुनील
वार्ड-17 से पार्षद सुनील कुमार ने बताया कि रेलवे लाइन के पास गंदगी के ढेर की जगह पार्क का निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों में स्वच्छता को लेकर एक सकारात्मक संदेश गया है। उन्होंने बताया कि वार्ड-17 में दो स्थानों पर भी पार्क निर्माण की आवश्यकता है। एक तो जहां रेलवे लाइन के साथ पार्ट-1 में पार्क का निर्माण हुआ है, वहीं पार्ट-2 में भी पार्क बनाए जाने की जरूरत है। इसके अलावा पीर वाली गली के साथ वक्फ बोर्ड की खाली जमीन पर भी पार्क बनाया जाना चाहिए। उक्त दोनों जगह पार्क निर्माण को लेकर नगर निगम कमीश्नर से संपर्क किया गया है। शीघ्र ही इनका प्रपोजल तैयार कर पार्क निर्माण करवाया जाएगा ताकि सौंदर्यकरण की दिशा में कदम आगे बढ़ाया जा सके।
वर्जन-
शहर सहित रेलवे लाइन के साथ लगती जमीन का सौंदर्यकरण करने की दिशा में नगर निगर द्वारा सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं। जहां 8 मरला कालोनी के पास रेलवे लाइन के पास रेलवे से एन.ओ.सी. लेकर लगभग पौने दो एकड़ जगह में पार्क का निर्माण पूरा कर लिया गया है जिसका उद्घाटन शीघ्र ही किया जाएगा। वहीं विकास नगर के पास व गोहाना रोड के पास रेलवे लाइन के साथ लगती रेलवे की जमीन पर पार्क का निर्माण करवाए जाने का प्रपोजल तैयार किया जा रहा है। गोहाना रोड के पास रेलवे लाइन के साथ लगती रेलवे की जमीन पर तो अगले लगभग तीन महीने में पार्क का निर्माण पूरा किए जाने की संभावना है जिसकी प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। उसके बाद विकास नगर के पास रेलवे की जमीन पर पार्क का निर्माण करवाया जाएगा।
शिव प्रसाद शर्मा, कमिश्नर, नगर निगम पानीपत।