पिंजौर। नवंबर में हुई एक सड़क दुर्घटना के दर्ज मामले में घायल उपचाराधीन युवक की सोमवार सुबह मौत हो गई। चेतन शर्मा के परिजनों ने आशंका जताई कि चेतन की मौत सड़क हादसे में नहीं अपितु उस पर साजिशन जानलेवा हमला कर उसके घायल होने से हुई है। युवक की मौत के बाद मृतक के पिता मोहनलाल शर्मा रिश्तेदारों सहित पिंजौर थाने पहुंचे और घटना के समय घटनास्थल पर मौजूद चेतन के तीन दोस्तों व दो लड़कियों पर कार्रवाई की मांग की।
हर्ष कुमार पूर्व सदस्य शिवालिक विकास बोर्ड ने थाना प्रभारी पिंजौर से कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए जो भी दोषी हैं। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। एडवोकेट नवदीप शर्मा कांग्रेसी नेता, पूर्व पार्षद कृष्ण लाल लांबा ने भी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, पुलिस का कहना है कि उन्होंने चेतन के सभी दोस्तों को तीन बार थाने में बुलवाकर पूछताछ भी की है। बाकी शव का पोस्टर्माटम तीन डॉक्टरों की टीम से करवाने के लिए लिख दिया गया है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये है मामला
बता दें कि इस मामले में शिकायतकर्ता के दोस्त मोहित शर्मा निवासी धर्मपुर कॉलोनी ने दर्ज शिकायत में बताया कि 26 नवंबर की रात करीब साढ़े 11 बजे वह और उसका दोस्त चेतन शर्मा अमर पैलेस घाटीवाला पिंजौर से खाना खाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंचकूला की ओर जाने के लिए पहुंचे। इस दौरान तेज रफ्तार वाहन ने सड़क पार करते चेतन को सीधी टक्कर मार दी। घटना में चेतन को गंभीर चोटें आईं। शिकायतकर्ता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। मामले में पुलिस धारा 304 के तहत कार्रवाई कर रही है। जिस गाड़ी से एक्सीडेंट हुआ है वह गाड़ी भी उनके कब्जे में है।