पंचकूला में रविवार शाम बड़ा हादसा होने से टल गया। घग्गर नदी में मूर्ति विसर्जन के लिए आया चंडीगढ़ का युवक पानी के तेज बहाव में बह गया। युवक पानी में काफी दूर तक बहता चला गया।
पंचकूला की घग्गर नदी में गणेश उत्सव को लेकर भगवान गणपति की मूर्ति का विसर्जन करने आया चंडीगढ़ का एक युवक पानी के तेज बहाव में बह गया। युवक के पानी में बहता देख लोगों ने शोर मचाया। युवक लगभग 300 मीटर तक पानी में बहता चला गया और आगे जाकर वह एक पत्थर में फंस गया। पानी में फंसे युवक को बचाने वहां मौजूद स्थानीय चार युवक उसे बचाने के लिए पानी में कूद गए। कड़ी मशक्कत के बाद पानी में फंसे युवक को बचा लिया गया।
विज्ञापन
बचाए गए युवक की पहचान चंडीगढ़ के रायपुर खर्द निवासी अनुज के तौर पर हुई है। वह मूर्ति विसर्जन के लिए घग्गर नदी में आया था, लेकिन अचानक वह पानी के तेज बहाव में बह गया।
विज्ञापन
घटना शाम 6.22 मिनट की है। रायपुर खुर्द से बड़ी संख्या में लोग मूर्ति विसर्जन के लिए आए थे। तभी अनुज अचानक पानी के तेज बहाव में बह गया। खड़क मंगोली के युवक कृपाल, परमजीत, पप्पू और दीपा ने अनुज को बचाया। अनुज के मुंह में चोटें लगी हैं। वहां मौजूद सभी लोगों ने अनुज की जान बचाने वाले युवकों की पीठ थपथपाई।
हैरत की बात यह है कि इस दौरान मौके पर न तो पुलिस थी और न ही प्रशासन की तरफ से लोगों की सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। इन दिनों मूर्ति विसर्जन के लिए आसपास के लोग घग्गर नदी में आ रहे हैं, लेकिन प्रशासन की तरफ से यहां किसी तरह की व्यवस्था नहीं की गई है।