पंचकूला। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अंबाला सांसद रतनलाल कटारिया ने एमपी लैंड के तहत किए जा रहे विकास कार्यों को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस मौके पर उपायुक्त विनय प्रताप सिंह भी साथ रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न योजनाओं के तहत किए जा रहे विकास कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करें, ताकि योजनाओं का लोगों को समय पर लाभ मिल सके। उन्होंने खंड मोरनी, बरवाला, पिंजौर व रायपुररानी में चल रहे विकास कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें), खंड विकास एवं पंचायत विभाग बरवाला व पिंजौर, जिला ग्रामीण विकास प्राधिकरण, जिला परिषद, स्वास्थ्य विभाग से किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त मोहममद इमरान रजा, नगर निगम के आयुक्त धर्मवीर सिंह, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी निशु सिंघल, नगर निगम के कार्यकारी अधिकारी विजय कुमार, सिविल सर्जन डॉ. मुक्ता कुमार, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के कार्यकारी अभियंता एनके पायल, अमित राठी, लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें) के कार्यकारी अभियंता ऋषि सचदेवा, बीडीपीओ रायपुररानी विशाल पराशर, बीडीपीओ पिंजौर मार्टिना महाजन सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।