माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। मांगों को लेकर वोकेशनल टीचर्स की सीएम हाउस की घेराव की तैयारियों के मद्देनजर वीरवार को सेक्टर-5 धरनास्थल पुलिस छावनी में तब्दील रहा। आंदोलनकारियों की संख्या के मद्देनजर सादी वर्दी में भी पुलिस टीमों को तैनात किया गया था। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने दोनों तरफ बैरिकेड लगाकर सड़क को बंद कर दिया। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मौके पर एंबुलेंस, बस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी लगाई गईं थी।
सुबह से लेकर रात 8 बजे तक हरियाणा के अलग-अलग जिलों से आए वोकेशनल टीचर्स ने सरकार द्वारा मांगें नहीं माने जाने पर नाराजगी जाहिर कर जमकर नारेबाजी की। टीचर सीएम के चीफ प्रिंसिपल सेक्रेटरी राजेश खुल्लर के साथ मीटिंग करवाने की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी रात तक मीटिंग नहीं हो सकी। इससे नाराज होकर उन्होंने सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। वोकेशनल टीचर्स एसोसिएशन के राज्य प्रधान अनूप ढिल्लों ने बताया जब तक सरकार उनकी मांगे नहीं मानती तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। आंदोलन में हरियाणा से 1700 से अधिक टीचर पहुंचे थे।