पंचकूला। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने सेक्टर-20 स्थित श्मशान घाट का निरीक्षण किया और विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर उनके साथ नगर निगम महापौर कुलभूषण गोयल व नगर निगम आयुक्त धर्मवीर सिंह भी उपस्थित थे। गुप्ता ने श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के लिए स्थापित गैसी फायर चेंबर का निरीक्षण भी किया। नगर निगम द्वारा एक एजेंसी के माध्यम से एक वर्ष पूर्व स्थापित किया गया गैसी फायर चेंबर की टेस्टिंग ना होने के कारण प्रयोग में नहीं लाया जा सका था।
गुप्ता ने निर्देश दिए कि इस फायर चेंबर की जल्द से जल्द टेस्टिंग की जाए ताकि इसमें प्रयोग होने वाली गैस की मात्रा का पता लगाकर आवश्यकतानुसार गैस उपलब्ध करवाई जा सके। गैसी फायर चेंबर को लकड़ी के बेहतर विकल्प के रूप में प्रयोग किया जाता है, जिसे लकड़ी की भी बचत होती है। इस अवसर पर सनातन धर्म वैकुंठ धाम सेवा समिति द्वारा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता के समक्ष श्मशान घाट की चहारदीवारी का मुद्दा भी उठाया गया। उन्होंने विस अध्यक्ष से अनुरोध किया कि श्मशान घाट की बची हुई चहारदीवारी का कार्य भी जल्द से जल्द पूरा करवाया जाए। नगर निगम के अधिकारियों ने गुप्ता को अवगत करवाया कि 17 लाख रुपये की लागत से श्मशान घाट की चारदीवारी व टाइलें लगाने का कार्य करवाया गया है।
स्वैच्छिक कोष से 11 लाख रुपये देने की घोषणा
सनातन धर्म वैकुंठ धाम सेवा समिति के प्रधान प्रदीप गोयल ने बताया कि समिति के पास केवल एक ही शव वाहन है। एक अतिरिक्त वैन की आवश्यकता है। इस पर गुप्ता ने समिति को एक अतिरिक्त शव वाहन के लिए अपने स्वैच्छिक कोष से 11 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सामाजिक सेवा उनके लिए सर्वोपरि है। इस अवसर पर उन्होंने श्मशान घाट में लगे शेड का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को श्मशान घाट में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
प्रदीप गोयल ने बताया कि संस्था की ओर से गरीब व्यक्तियों की सहायता की जाती है। उन्हें दाह संस्कार के लिए सभी आवश्यक सामग्री निशुल्क उपलब्ध करवाई जाती है। इस अवसर पर नगर निगम के अधीक्षक अभियंता विजय गोयल, कार्यकारी अभियंता सुमित मलिक, पार्षद जय कौशिक, सुरेश वर्मा, सेक्टर-20 के पार्षद व सनातन धर्म वैकुंठ धाम सेवा समिति के उपप्रधान सुशील गर्ग, सनातन धर्म वैकुंठ धाम सेवा समिति के सदस्य कमल, संजय, अजय कुमार गोयल, बीके गुप्ता, केवल गुप्ता सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।