पंचूकला। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में इंजेक्शन की ओवरडोज से मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इस मामले को लेकर सीएमओ की तरफ से कमेटी का गठन किया गया है। वहीं सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में नर्स की तरफ से भी दुर्व्यवहार की शिकायत दी गई है।
पिंजौर निवासी कशिश कुमार ने बताया कि उनके पिता राकेश कुमार को पथरी का दर्द था। वे अपने पिता को 24 मार्च को सेक्टर-6 सिविल अस्पताल लेकर आए। अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार देर रात उन्हें नर्स की तरफ से इंजेक्शन की ओवरडोज दी गई। इस कारण राकेश कुमार की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। वहीं डॉक्टरों की तरफ से कहा गया कि उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने के कारण हुई है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
सेेक्टर-6 सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में राकेश कुमार का इलाज चल रहा था। इस दौरान उन्हें थोड़ी राहत होने पर दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था। इस दौरान उन्हें पहले डॉक्टर की तरफ से इंजेक्शन दिया गया। इसके बाद नर्स संगीता द्वारा तीन इंजेक्शन लगाते ही उनकी मौत हो गई। वहीं डॉक्टर मनिंनदर सिंह ने बताया कि व्यक्ति की मौत दिल का दौरान पड़ने से हुई है। इसमें किसी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं बरती गई है। वहीं कशिश कुमार का कहना है कि नर्स की लापरवाही के कारण उनके पिता राकेश कुमार की मौत हुई है। वहीं नर्स की तरफ से भी परिजनों के खिलाफ दुर्व्यवहार की शिकायत दी गई है। इस मामले में पंचकूला सिविल अस्पताल के सीएमओ सुवीर सक्सेना ने बताया कि कमेटी का गठन किया गया है। इस मामले की रिपोर्ट सोमवार को आएगी। वहीं सीएमओ मुक्ता कुमार ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच कमेटी कर रही है। अगर इसमें कोई आरोपी पाया गया तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।