चंडीगढ़। हरियाणा में शिक्षकों की ऑनलाइन तबादला प्रक्रिया पदों के युक्तिकरण यानि रेशनेलाइजेशन के बाद शुरू होगी। युक्तिकरण को अभी मुख्यमंत्री मनोहर लाल की मंजूरी मिलना शेष है। स्कूल शिक्षा विभाग ने स्वीकृति के लिए फाइल भेजी हुई है। 700 नवपदोन्नत प्रधानाचार्यों को विभाग ऑनलाइन तबादलों से ही स्टेशन देगा। निदेशक सेकेंडरी ने हरियाणा स्कूल लेक्चरर्स एसोसिएशन यानि हसला को वार्ता के दौरान यह जानकारी दी।
बैठक में बताया गया कि एसीपी के मामले जल्दी निपटा दिए जाएंगे, वह खुद समीक्षा कर रहे हैं। इन्हें सिरे चढ़ाने में आ रही तकनीकी दिक्कतों को दूर करने के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। डीईओ, बीईओ की सेवानिवृत्ति व तबादलों के बाद वार्षिक परफार्मेंस एप्रेजल रिपोर्ट के हस्ताक्षर को लेकर आ रह दिक्कतों को दूर करने के लिए भी जल्द निर्देश जारी किए जाएंगे। हसला के राज्य प्रधान सतपाल सिंधु ने निदेशक सेकेंडरी से आग्रह किया कि मुख्यमंत्री के युक्तिकरण को मंजूरी देते ही तबादला प्रक्रिया सिरे चढ़ाई जाए। इसमें काफी देर हो चुकी है।
खाली पदों के आधार पर पदोन्नत होकर बनेंगे पीजीटी
सरकारी स्कूलों में कार्यरत भाषा, कला अध्यापकों को जल्द खाली पदों के आधार पर पीजीटी पदोन्नत किया जाएगा। मौलिक शिक्षा विभाग ने पदोन्नति के लिए पात्र अध्यापकों की राज्य स्तरीय वरिष्ठता सूची तैयार कर ली है। निदेशक ने सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों के अंतर्गत कार्यरत सभी अध्यापकों को इस बारे में अवगत करवा दें। उनकी वरिष्ठता सूची नियमित कार्यग्रहण तिथि के आधार पर तैयार कर विभाग की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। वरिष्ठता को लेकर अगर किसी अध्यापक को आपत्ति है तो 7 दिन के अंदर प्रमाणित दस्तावेजों सहित निदेशालय को ई-मेल करें। यह वरिष्ठता सूची केवल पीजीटी की पदोन्नति के लिए ही मान्य होगी।