इस हफ्ते लगातार तीसरी बार पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को गुरदासपुर जिले के गांव सलेमपुर अरैयां से एक बोरी में रखे 4 हैंड ग्रेनेड और एक टिफिन बम बरामद किए हैं। इससे पहले पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का समर्थन प्राप्त दो आतंकी गुटों का पर्दाफाश किया था। डीजीपी इकबाल प्रीत सिंह सहोता ने बताया कि सरहदी जिले से हाल ही में आरडीएक्स, हैंड ग्रनेड और पिस्तौलों की बरामदगी के मद्देनजर गजटेड अधिकारियों की निगरानी में सभी एसएचओ की तरफ से पूरे जिले में सख्त नाकाबंदी की गई है।
गांव सलेमपुर अरैयां के नजदीक टी-प्वाइंट पर चेकिंग के दौरान एसएचओ (सदर) गुरदासपुर को सड़क किनारे झाड़ियों से एक संदिग्ध बोरी बरामद हुई। बोरी की चेकिंग करने पर उसमें रखे चार हैंड ग्रनेड और एक टिफिन बम बरामद हुआ। उन्होंने कहा कि बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल (बीडीडीएस) टीमों को विस्फोटक सामग्री को नष्ट करने के लिए सूचना भेज दी गई है।
डीजीपी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा के दिशा निर्देश पर पंजाब पुलिस विशेष तौर पर सरहदी जिला पुलिस बल पहले ही हाई अलर्ट पर है और सरहदी पुलिस की तरफ से रोजाना रात की ड्यूटी के दौरान नाइट डोमिनेशन ऑपरेशन चलाया जा रहा है। एडीजीपी रैंक के अधिकारी निजी तौर पर सरहदी जिलों में नाइट डोमिनेशन आपरेशन की कार्रवाई की निगरानी के लिए तैनात हैं।
इससे पहले गुरदासपुर पुलिस ने बुधवार को अमृतसर के लोपोके में रहने वाले और रविवार को गिरफ्तार सुखविंदर सिंह उर्फ सोनू की सूचना पर 0.9 किलो आरडीएक्स बरामद किया था, जबकि मंगलवार को जिला पुलिस ने दो हैंड ग्रनेड बरामद किए थे। इस बीच थाना सदर गुरदासपुर में विस्फोटक पदार्थ एक्ट की धाराओं 3, 4 और 5 के तहत एफआईआर नंबर 154 दर्ज की गई है।