चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वाराणसी में संध्या आरती के दृश्य को अद्धभुत नजारा बताया है। उन्होंने खुद वीडियो बनाकर इस विहंगम दृश्य को अपने शब्दों में बयां किया। मुख्यमंत्री सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के लोकार्पण अवसर पर शामिल होने पहुंचे थे।
लोकार्पण के बाद संध्याकालीन गंगा आरती देखने के लिए वह क्रूज से घाट पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि वारणसी में गंगा के घाट पर ठंडी-ठंडी हवा चल रही है, कितना सुहावना दृश्य है। दीपमाला और दियों से वारणसी की दीवारें जगमगा रही हैं। अद्धभुत नजारा देखते ही बनता है। वारणसी एक दम रोशनी से नहाई नजर आ रही है। चारों तरफ दीप जल रहे हैं। दीपमाला की श्रृंखला अविस्मरणीय नजारा पेश कर रही है।
प्रधानमंत्री के फैसले को बताया स्वर्णिम अध्याय
आरती से पहले मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के लोकार्पण की तस्वीरें ट्वीट करते हुए लिखा कि मां गंगा के तट पर बसी पौराणिक नगरी काशी युगों-युगों से हमारी सनातन संस्कृति, आध्यात्मिकता, प्राचीनता और परंपरा की संवाहक रही है। भव्य व दिव्य काशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण कर नरेंद्र मोदी ने धर्म परायणता का परिचय देते हुए ऐतिहासिक स्वर्णिम अध्याय रचा है।