पंचकूला। 7 फरवरी से आईआरएसडीसी से अंबाला रेलवे मंडल स्टेशन का चार्ज लेने की प्रक्रिया शुरू करेगा। इसी सिलसिले में चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर बुधवार को अंबाला मंडल के डीआरएम जीएम सिंह पहुंचे थे। इस दौरान आईआरएसडीसी के नोडल अधिकारी और रेलवे के अंबाला मंडल के अधिकारियों के बीच बैठक हुई।
जानकारी के मुताबिक, 10 से 15 फरवरी के बीच पार्किंग, प्लेटफार्म टिकट, खानपान सेवाओं, विज्ञापन, साफ-सफाई, साज-सज्जा, रिटायरिंग रूम, वेटिंग हॉल, डिस्पले बोर्ड, हेल्प डेस्क, विश्रामगृह, इमरजेंसी चिकित्सा, शौचालय आदि का प्रबंधन इंडियन रेलवे स्टेशन डेवलपमेंट कारपोरेशन (आईआरएसडीसी) से रेलवे के हाथों में आ जाएगा। इसका सबसे ज्यादा फायदा रेल यात्रियों को होगा। बता दें कि 21 मार्च 2019 से रेलवे सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था, टिकट की बिक्री और ट्रेनों के संचालन का काम देख रहा है। स्टेशन की अन्य जिम्मेदारियां आईआरएसडीसी की थी।