संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने तख्त साहिबों की मर्यादा पर चर्चा के लिए 5 अगस्त को शिरोमणि कमेटी के सदस्यों का एक विशेष सत्र बुलाया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए शिरोमणि कमेटी के मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मन्नन ने कहा कि इस विशेष सत्र का नेतृत्व शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी करेंगे। जिसके संबंध में सभी सदस्यों को पत्र जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह सत्र मंगलवार 5 अगस्त 2025 को दोपहर 1 बजे शिरोमणि कमेटी के मुख्य कार्यालय तेजा सिंह समुंद्री हॉल में बुलाया गया है। जिसमें तख्त साहिबों की मर्यादा और पैदा टकराव वाले हालातों पर चर्चा की जाएगी। जिससे सिख पंथ में पैदा इस विवाद का हल निकाला जा सके।
उल्लेखनीय है कि तख्त श्री पटना साहिब और श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से जारी हुए आदेशों को एक दूसरे तख्त के जत्थेदारों पर पांच प्यारों की ओर से रद्द कर दिया गया था। जिसके चलते टकराव वाले हालात सिख पंथ में पैदा हो गए है। कुछ समय से तख्त साहिबों में राजनीतिक दखल अंदाजी के बढने के कारण भी यह टकराव पैदा हुआ है। इसको अब एसजीपीसी इजलास के माध्यम से विभिन्न प्रस्ताव पास कर हल करने की योजना बना रही है। इस टकराव को खत्म करने के लिए बीबी किरणजोत कौर समेत कई सदस्यों ने एसजीपीसी के विशेष इजलास बुलाने कही मांग की गई थी।